चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे से बापट चौराहे तक आदर्श सडक़ बनाने का काम शुरू,सडक़ के हिस्से में आने वाले ग्रीन बेल्ट को भी संवारा जाएगा

इन्दौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) नगर निगम द्वारा चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे से बापट चौराहे तक आदर्श सडक़ बनाने का काम शुरू किया गया है। वहां पहले से बनी सडक़ मेट्रो कार्यों के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी और मेट्रो से मिली राशि के बाद नगर निगम उक्त सडक़ को आदर्श सडक़ बनाने की तैयारी में है। पहले दोनों मुख्य मार्गों पर डामरीकरण कर सडक़ के हिस्से में आने वाले ग्रीन बेल्ट को भी संवारा जाएगा और साथ ही डिवाइडरों में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी।कुछ महीनों पहले मेट्रो के कार्यों के कारण विजयनगर से लेकर बापट, चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे, रेडिसन और आसपास की कई सडक़ों की हालत खस्ता हो गई थी। कई जगह निगम द्वारा बनाए गए डिवाइडर तक तोड़ दिए गए थे। बदले में निगम को मेट्रो ने सडक़ें और डिवाइडर सुधारने के लिए 10 करोड़ की राशि दी थी, जिससे अब वहां कई काम शुरू कराए गए हैं। सबसे पहले चंद्रगुप्त मौर्य चौराहे से बापट चौराहे तक सडक़ के दोनों मुख्य मार्गों पर डामरीकरण शुरू कराया गया है। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक उक्त सडक़ पर डामरीकरण के साथ-साथ मेट्रो द्वारा बनाए गए डिवाइडरों को आकर्षक ढंग से संवारने का काम निगम द्वारा किया जाएगा और उसमें रंग-बिरंगे पौधे लगाए जाएंगे और आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की जाएगी। उक्त सडक़ को आदर्श सडक़ बनाने के लिए अनेक कार्य होंगे और पूरी सडक़ के अलग-अलग हिस्सों में पांच-पांच ग्रीन बेल्ट हैं, जिन्हें भी संवारा जाएगा। कल से वहां डामरीकरण शुरू किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *