उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) वसंत विहार सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान और अध्यक्ष राजेंद्र परब के नेतृत्व में आयोजित 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का रविवार को श्रीराम मंदिर वसंत विहार में समापन हुआ। 1 मई से शुरू हुए इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता, कौशल और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना था। मंच के सहसचिव नरेंद्र कुमार चौरसिया ने बताया कि शिविर के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न विधाओं में निपुण किया।
10 दिनों तक विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन
शिविर के पहले दिन देवी अवंतिका सामाजिक कल्याण समिति अध्यक्ष करुणा शितोले और उनकी टीम ने बच्चों को आत्मरक्षा के लिए लाठी कौशल, तलवारबाजी, खेलकूद, योग, लेजम, पिरामिड बनाना, जूडो व कराटे का प्रशिक्षण दिया। दूसरे दिन संभागीय खेल अधिकारी अरविंद जोशी ने शारीरिक व्यायाम और तीसरे दिन लाठी संगठन उपाध्यक्ष रीता नरवरिया ने लाठी संचालन की बारीकियां सिखाईं। चौथे दिन श्वेता काबरा ने आकाशवाणी उज्जैन पर करुणा शितोले व बच्चों के साथ आत्मरक्षा पर भेंट वार्ता की।
पांचवें दिन एमपी टूरिज्म की अमृता चतुर्वेदी ने ऑनलाइन सुरक्षा, छठे दिन दंत चिकित्सक डॉ. विशाल मजूमदार एवं मजूमदार ने दांतों की देखभाल व जंक फूड से बचाव की जानकारी दी। सातवें दिन नानाखेड़ा थाना की सब इंस्पेक्टर रुक्मिणी ने गुड टच-बैड टच व असहज स्थिति में ‘ना’ कहने की आदत, आठवें दिन संस्कार पब्लिक स्कूल की प्राचार्य सुनीता पाटिल ने सनातन संस्कृति और बड़ों के सम्मान का पाठ पढ़ाया। नौवें दिन कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिकों ने मोबाइल और टीवी की स्क्रीन से दूर रहकर रचनात्मक गतिविधियों, टीम वर्क और अनुशासन का महत्व बताया।
शिविर के दौरान बच्चों को प्रतिदिन पौष्टिक अल्पाहार दिया गया। साथ ही स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, पॉलीथिन का उपयोग न करने और जन्मदिन पर पौधा लगाने का संकल्प भी दिलाया गया।
अतिथियों ने बांटे प्रमाण पत्र, 7 वर्षों से निशुल्क प्रशिक्षण दे रही टीम का सम्मान
रविवार शाम आयोजित समापन समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश राज्य श्रमिक सहकारी संघ मर्यादित भोपाल के अध्यक्ष योगेंद्र सिंह सिसोदिया थे। अध्यक्षता आईपीएस डॉ. रमन सिंह सिकरवार और सेवानिवृत्त जज केसी शर्मा ने की। राजेंद्र परब, नरेंद्र कुमार चौरसिया और जीके जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए और बीते 7 वर्षों से बच्चों को निशुल्क प्रशिक्षण दे रहीं करुणा शितोले व उनकी टीम का सम्मान किया। इस दौरान बालक-बालिकाओं ने शिविर में सीखी गई विधाओं का रंगारंग प्रदर्शन किया।
समापन अवसर पर मंच की ओर से लोकेंद्र सिंह बैस, देवेंद्र राय, रमेश कुमावत, जेएस पांडेय, दिनेश चंद्र जैन, हरीश घाडगे, गोपाल कृष्ण जायसवाल, मुकेश कुंभकार, गोपाल महाकाल, दिलीप सिंह देवड़ा, लक्ष्मीकांत, राजेंद्र पाटणकर, विजय गोठवाल, नरेंद्र कुमावत, जेपी शर्मा, उल्लास बक्षी, डॉ. महेश शर्मा, जगदीश शर्मा, सियाराम पाटीदार, वासुदेव सोनी, जगदीश कुमावत, संग्राम सिंह चौहान, अनिल देशमुख, विजय प्रजापति और प्रकाश शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला मंडल की ओर से सीमा दुबे, रानी शर्मा, रचना यादव, हेमा यादव, छवि कदम और मोहिनी बैस मौजूद रहीं।
