सरपंच पति की अवैध होटल में बिक रही थी अवैध शराब,घरेलू गैस सिलेंडरों से बन रहा था खाना… होटल सील

इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महू क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच पत्नी की आड़ में पति द्वारा न केवल अवैध रूप से शराब पिलाई जा रही थी, बल्कि होटल के निर्माण में भी घोर अनियमितताएं सामने आई हैं, वहीं होटल में घरेलू गैस टंकियों का इस्तेमाल किया जा रहा था।

कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर महू क्षेत्र में एसडीएम राकेश परमार और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम संतेर (किशनगंज) स्थित एमके होटल पर दबिश दी। जांच के दौरान जो खुलासे हुए, उसने प्रशासन को भी चौंका दिया। होटल ग्राम के सरपंच के पति मनोज कौशल द्वारा अवैध रूप से संचालित की जा रही थी। यहां बिना किसी लाइसेंस के खुलेआम शराब परोसी जा रही थी। मौके पर ही आबकारी विभाग को बुलाकर कार्रवाई कराई गई।

बिना अनुमति खड़ी कर दी इमारत
होटल जिस बिल्डिंग में चल रही थी, उसके लिए पंचायत या राजस्व विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। यानी पूरी इमारत ही अवैध रूप से खड़ी कर दी गई थी।

घरेलू गैस सिलेंडरों से बन रहा था खाना
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि होटल में व्यावसायिक गैस कनेक्शन की बजाय घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा था। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि किसी बड़े हादसे को भी न्योता देने जैसा था। फूड विभाग ने इस पर तुरंत कार्रवाई की। घरेलू गैस टंकियां की कालाबाजारी पर भी संज्ञान लेकर जांच की जा रही है।

फायर सेफ्टी के नाम पर शून्य इंतजाम
होटल में फायर सेफ्टी के कोई इंतजाम नहीं मिले। न अग्निशमन यंत्र, न आपातकालीन निकासी व्यवस्था मिली। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई इस कार्रवाई में प्रशासन ने होटल को मौके पर ही सील कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि नियमों को ताक पर रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *