प्रेम छाया परिसर के प्राचीन मंदिर में चोरी,सीसीटीवी में कैद हुआ संदिग्ध, त्रिशूल और नाग सहित आभूषण हुए थे चोरी

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शहर के प्रेम छाया परिसर स्थित प्राचीन मंदिर में हुई चोरी और मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट ने आक्रोश जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने देवास गेट थाने में आवेदन सौंपकर पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दो दिन के भीतर पुलिस ठोस कार्रवाई नहीं करती है, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञात हो कि 8 अप्रैल की रात असामाजिक तत्वों ने श्री नागेश्वर, श्री पुष्प विनायक और श्री पंछी बाबा मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस दौरान श्री नागेश्वर मंदिर से शिखर, त्रिशूल, शिवलिंग के साथ रखा नाग, जलधारा का कलश और आभूषण चोरी कर लिए गए थे। वहीं पास ही स्थित श्री पुष्प विनायक मंदिर से भगवान गणेश के वस्त्र भी गायब थे। इस मामले में पुलिस के हाथ एक सीसीटीवी फुटेज भी लगा है, जिसमें एक युवक के हाथ में मूर्ति जैसी कोई वस्तु दिखाई दे रही है, इसके बावजूद आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
देवास गेट थाने में आवेदन देने के दौरान राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के जिलाध्यक्ष देवेंद्र प्रजापत, जिला संयोजक रवि वर्मा, राजेश रावल, विजय मीणा, जितेंद्र परमार, नितिन जादौन और मुकेश रघुवंशी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *