तकनीकी खराबी के चलते एयर इंडिया की दो और फ्लाइट रद्द, अहमदाबाद से लंदन जाने वाली और दूसरी दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट है

अहमदाबाद ।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) तकनीकी खराबी के चलते एयर इंडिया की दो और फ्लाइट रद्द हो गई। इसमें एक अहमदाबाद से लंदन जाने वाली और दूसरी दिल्ली से पेरिस जाने वाली फ्लाइट शामिल है।

जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया फ्लाइट के उड़ान से कुछ घंटे पहले ही उसमें तकनीकी खराबी का पता चला था। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या एआई 159 को रद्द कर दिया गया। यह फ्लाइट अहमदाबाद से लंदन के लिए मंगलवार दोपहर 1:10 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण फ्लाइट रद्द कर दी गई। पता चला है कि एयर इंडिया की फ्लाइट में 200 से अधिक लोग यात्रा करने वाले थे, जो फ्लाइट के कैंसिल होने से प्रभावित हुए हैं।

इससे पहले, मंगलवार को कोच्चि से दिल्ली जा रहे इंडिगो के विमान की बम की सूचना मिलने के बाद नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग की गई थी। इंडिगो की फ्लाइट 6ई 2706 ने कोच्चि से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। विमान को बम की धमकी के बाद नागपुर में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। पुलिस और अग्निशमन दल विमान की जांच कर रहे हैं।

मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को से मुंबई आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट को कोलकाता में खाली करा दिया गया। सैन फ्रांसिस्को से कोलकाता होते हुए मुंबई जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट के इंजन में तकनीकी खराबी आई, जिसके कारण मंगलवार को शहर के एयरपोर्ट पर निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा। जानकारी के मुताबिक, कोलकाता एयरपोर्ट पर टेक ऑफ के बाद पता चला कि एक इंजन में खराबी है। फ्लाइट एआई180 कोलकाता एयरपोर्ट पर रात लगभग 12.45 बजे पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर विमान में एक घोषणा की गई, जिसमें सभी यात्रियों को विमान से उतरने के लिए कहा गया। फ्लाइट के पायलट ने यात्रियों को बताया कि ये निर्णय उड़ान सुरक्षा के हित में लिया जा रहा है।

इसके पहले सोमवार को एयर इंडिया के बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर में तकनीकी खराबी आई थी, जिसके कारण एआई 315 फ्लाइट को सोमवार को दिल्ली के लिए उड़ान भरने के तुरंत बाद आधे रास्ते से ही हांगकांग वापस लौटना पड़ा। एयरलाइन ने एक बयान में कहा, “एआई 315 फ्लाइट सुरक्षित रूप से लैंड कर चुकी है और सभी यात्रियों की मदद की जा रही है।” एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया, “पायलट की ओर से उड़ान के दौरान ही संभावित समस्या का पता लगाने के बाद एहतियात के तौर पर विमान को वापस लौटा दिया गया। विमान हांगकांग में सुरक्षित तरीके से उतरा और एहतियात के तौर पर इसकी जांच की जा रही है।”

12 जून को एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद में क्रैश हुई थी, जिसमें सवार 242 में से 241 लोगों की मौत हो गई। अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही विमान एक अस्पताल के हॉस्टल से टकराया और उसमें आग लग गई। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी इस हादसे में निधन हो गया। इस हादसे में केवल एक यात्री विश्वास कुमार रमेश जीवित बचे, जो सीट नंबर 11ए पर बैठे थे। वह भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक हैं।