कार्यपालन यंत्री पियूष भार्गव के खिलाफ महिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन,कहा मामला महिला उत्पीड़न का

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) कार्यपालन यंत्री पीयूष भार्गव द्वारा नगर निगम में पदस्थ महिला सब इंजीनियर से आपत्तिजनक व्यवहार के विरोध में महिला कांग्रेस द्वारा महापौर को ज्ञापन सौंपा।

शहर कांग्रेस महिला अध्यक्ष सोनिया ठाकुर, पार्षद सपना सांखला, पार्षद प्रेमलता रामी, पार्षद पूनम मोहित जायसवाल आदि के द्वारा महापौर को ज्ञापन दिया। जिसमें पियुष भार्गव के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने बताया कि महिला उत्पीड़न का मामला होने से महिला कांग्रेस द्वारा ज्ञापन दिया गया। जिसमें मांग की गई है कि इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करें अन्यथा शहर कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि महिला सब इंजीनियर द्वारा निगमायुक्त को भी मामले की शिकायत दर्ज कराई है जिसमें पियूष भार्गव द्वारा व्हाट्सएप, फोन के माध्यम के साथ ही समक्ष में भी आपत्तिजनक व्यवहार किया गया है। नगर निगम के पीयूष भार्गव द्वारा महिला सब इंजीनियर से फोन पर चर्चा की, जिसका ऑडियो भी वायरल हो रहा है। महिला को परेशान करने और छेड़छाड़ का मामला है। ऑडियो में सब इंजीनियर मुकुल मेश्राम और झोनल अधिकारी मनोज राजानी की भी आवाज है। इसी मामले में दो दिन पहले महिला सब इंजीनियर द्वारा पीयूष भार्गव को थप्पड़ भी मारे जाने की चर्चा भी है।