राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू 19 सितंबर को उज्जैन आएंगी, उज्जैन -इंदौर सिक्स लेन भूमि पूजन कार्यक्रम होगी शामिल

उज्जैन 13 सितंबर,2024/(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू 19 सितंबर को उज्जैन आयेंगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति श्री मुर्मू का उज्जैन में उज्जैन-इंदौर सिक्स लेन का भूमि पूजन और स्वच्छता कर्मियों का सम्मान तथा श्री महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
शुक्रवार को संभागायुक्त संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर नीरज कुमार सिंह द्वारा राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित कार्यक्रम और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयसीमा में पूर्ण की जाए। अधिकारियों को जो दायित्व सौंपे गए हैं उनका वह पूरी गंभीरता के साथ निर्वहन करें। पुलिस महानिरीक्षक ने प्रोटोकॉल अनुसार जिले में राष्ट्रपति महोदया के प्रस्तावित रूट के अतिरिक्त वैकल्पिक रूट की व्यवस्था भी किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड जाने वाले मार्ग की चौड़ाई को बढ़ाएं। उन्होंने राष्ट्रपति महोदया के साथ आने वाले वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं किए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने हेलीपैड उज्जैन के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल रुद्राक्ष होटल परिसर और श्री महाकालेश्वर मंदिर में बैरिकेडिंग व्यवस्था शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए। उन्होंने कहा की श्री महाकालेश्वर मंदिर में आकर्षक साज सज्जा की जाए। अग्निशमन की भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए। एमपीईबी फायर सेफ्टी ऑडिट कर सर्टिफिकेशन दें। चिकित्सा व्यवस्था दुरुस्त रहे। सीएमएचओ द्वारा सीनियर डॉक्टर्स की ही ड्यूटी लगाई जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने दायित्वों के संबंध में भी निर्देशित किया।
बैठक में डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती जयति सिंह, निगम आयुक्त  आशीष पाठक, अपर कलेक्टर महेंद्र कवचे, सीईओ यूडीए संदीप सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद पाराशर, अपर कलेक्टर अनुकूल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अधीक्षक नितेश भार्गव सहित सभी संबंधित विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहें।