भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या  में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, पहली फ्लाइट में पायलट ने ‘जय श्री राम’ से किया यात्रियों का स्वागत

नई दिल्ली।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या  में महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान इंडिगो की नई दिल्ली से अयोध्या के लिए उद्घाटन फ्लाइट में शानदार नजारा देखने को मिला। दरअसल, इंडिगो के पायलट आशुतोष शेखर  ने विमान में सवार सभी यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने अनाउंसमेंट करते हुए खुद को भाग्यशाली बताया कि इंडिगो ने उन्हें इस फ्लाइट की कमान संभालने का मौका दिया।

आशुतोष शेखर ने यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमें उम्मीद है कि आपकी यात्रा अच्छी और खुशहाल होगी। हम आपको और अपडेट देंगे। जय श्री राम। इसके बाद विमान में सवार यात्रियों ने भी ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। दिल्ली से अयोध्या की उद्घाटन फ्लाइट IX 2789 सुबह 11 बजे रवाना हुई, जिसने दोपहर 12 बजकर 20 मिनट पर नए अयोध्या एयरपोर्ट पर लैंड किया। इस दौरान यात्रियों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए।