साधु संत एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलेक्टर ने महापौर एवं पार्षदगणों को शपथ दिलाई

उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदगणों का शपथ विधि समारोह शुक्रवार को कालिदास अकादमी के संकुल सभागृह में संपन्न हुआ। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, विधायक श्री पारस जैन, संत समाज तथा शहर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कलेक्टर  आशीष सिंह ने नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदगणों को विधिवत शपथ दिलाई।

शपथ विधि समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आज का दिन 5 अगस्त हमारे लिये ऐतिहासिक दिन है। शहर विकास के लिये केन्द्र सरकार, राज्य सरकार और नगर सरकार तीनों मिलजुल कर ईमानदारी से बेहतर कार्य करेंगे। हमारा शहर आबादी के हिसाब से महानगर की ओर बढ़ रहा है। हम सब मिलकर श्रेष्ठ कार्य करेंगे और सबको साथ लेकर शहर का विकास करेंगे।
पूर्व सांसद  चिन्तामणि मालवीय,  अनिल जैन कालूहेड़ा, आचार्य शेखर जी महाराज आदि ने अपने-अपने विचार प्रकट करते हुए नवनिर्वाचित महापौर एवं पार्षदगणों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
नवनिर्वाचित महापौर मुकेश टटवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि उज्जैन शहर धार्मिक नगरी होने के नाते शहर का चहुमुखी विकास किया जायेगा। सभी वार्डों में भ्रमण करूंगा तथा जिन वार्डों में प्राथमिकता वाले कार्य होंगे, उन्हें पहले किया जायेगा। सिंहस्थ भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जायेगा। यातायात व्यवस्था को भी दुरूस्त करते हुए शहर की आम समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें सुलझाने का प्रयास किया जायेगा। शहर को स्वच्छता में नम्बर-1 लाने का हरसंभव प्रयास किया जायेगा तथा आने वाले समय में घर-घर तिरंगा अभियान के तहत शहरवासी अपने-अपने घरों में झंडा लगायेंगे।
शपथ विधि समारोह में विधायक  पारस जैन,  विवेक जोशी,  राजेन्द्र भारती, सोनू गेहलोत, राजपालसिंह सिसौदिया, इकबालसिंह गांधी,विशाल राजौरिया,  अनिल जैन कालूहेड़ा,, श्री रामदास महाराज,नवनिर्वाचित पार्षदगण, पत्रकारगण, शहर के गणमान्य नागरिक आदि उपस्थित थे।


क्षिप्रा में स्नान कर भगवान महाकाल के दर्शन किए और गुरूद्वारे में मत्था टेका
महापौर  मुकेश टटवाल द्वार शपथ ग्रहण करने से पहले माँ क्षिप्रा में स्नान किया और भगवान महाकाल के दर्शन करने के पश्चात् गुरूद्वारा में मत्था टेका।

-ः-ः-ः-ः-
महापौर श्री टटवाल में निगम मुख्यालय पहुंच कर पदभार ग्रहण किया

उज्जैन: महापौर  मुकेश टटवाल द्वार शपथ विधि समारोह सम्पन्न होने के बाद सर्वप्रथम चिंतामण गणेश मंदिर पहुंच कर पुजन अर्चन कर आर्शिवाद प्राप्त करते हुए शहर की सुख समृद्धि की मंगलकामना की तत् पश्चात् श्री टटवाल द्वारा निगम मुख्यालय पहुंच कर अपने कक्ष में पदभार ग्रहण किया गया।
नगर निगम परिवार की ओर से अपर आयुक्त आदित्य नागर द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, इसके पश्चात् उपायुक्त, सहायक आयुक्त, कार्यपालन यंत्रीगण, झोनल अधिकारी, उपयंत्रीगण, जनसंपर्क अधिकारी द्वारा पुष्पगुच्छ भेट कर स्वागत किया गया।
महापौर द्वारा पदभार ग्रहण करने के पश्चात् सर्वप्रथम नगर निगम के सफाई मित्रों के हित में घोषणा करते हुए स्वीकृति प्रदान की गई कि प्रतिवर्ष सफाई हेतु उत्कृष्ठ एवं सराहनीय कार्य करने वाले सफाई मित्रों को प्रतिवर्ष सम्मानित करते हुए पुरस्कृत किया जाएगा।
महापौर द्वारा नगर निगम मुख्यालय में विभागों का निरीक्षण करते हुए समग्र सेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों से उनके द्वारा किये जाने वाले कार्यो की जानकारी प्राप्त की गई साथ ही विभाग में उपस्थित हितग्राहियों से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से लाभान्वित होने की चर्चा की गई।

-ः-ः-ः-ः-
नगर पालिका निगम अध्यक्ष के पद के लिए निर्वाचन का प्रथम सम्मेलन आज

उज्जैन: नगर पालिका निगम उज्जैन के अध्यक्ष (स्पीकर) के पद के लिए निर्वाचन एवं अपील समिति के सदस्य के निर्वाचन के लिए नगर पालिका निगम का प्रथम सम्मेलन आज 6 अगस्त को प्रातः 10ः00 बजे नगर पालिका निगम के सभाकक्ष में आहुत किया गया है।
अध्यक्ष एवं अपील समिति के सदस्य पद हेतु उम्मीदवारों के नाम निर्देशन पत्र मध्य प्रदेश नगर पालिका निगम अध्यक्ष का निर्वाचन नियम- 1998 के नियम- 4 के द्वारा निर्धारित प्रारूप- क में 6 अगस्त को निर्धारित समय तक आयुक्त उज्जैन नगर पालिका निगम को सभा कक्ष में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
प्रथम सम्मेलन के पूर्व मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम 1956 की धारा 17 -ख के अंतर्गत शपथ लेने से शेष रहे पार्षद गण द्वारा 6 अगस्त को शपथ ग्रहण की जाएगी। शपथ ग्रहण कार्यक्रम प्रातः 10ः00 बजे नगर पालिका निगम के सभागृह में संपन्न होगा।
अपील समिति का निर्वाचन अनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार एकल संक्रमणीय मत द्वारा किया जाएगा। नाम निर्देशन हेतु प्रपत्र निर्वाचन शाखा नगर पालिका निगम से प्राप्त किए जा सकते हैं।
कलेक्टर श्री आशीष सिंह ने महापौर एवं समस्त पार्षदों को निर्धारित स्थान पर निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने के लिए कहा है। नगर पालिका निगम के अध्यक्ष (स्पीकर) एवं अपील समिति के सदस्य पद के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।
इसके अनुसार प्रथम सम्मेलन के पूर्व मध्य प्रदेश नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 की धारा 17- ख के तहत शेष रहे पार्षदों का शपथ ग्रहण प्रातः 10ः00 बजे से 10ः30 बजे तक होगा।
सम्मेलन की कार्यवाही के संबंध में जानकारी देना, उपस्थिति एवं नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का समय प्रातः 11ः00 से 12ः00 बजे तक रहेगा। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा दोपहर 12ः00 बजे से 12ः15 बजे तक की जाएगी।
नाम वापसी हेतु आवेदन प्रस्तुति दोपहर 12ः15 बजे से दोपहर 12ः45 बजे तक की जाएगी। निर्वाचन हेतु विधि मान्य अभ्यर्थियों की घोषणा दोपहर 12ः45 बजे से की जाएगी।
निर्वाचित महापौर एवं पार्षदों द्वारा मतदान (यदि आवश्यक हुआ तो) क्रमशः अध्यक्ष एवं अपील समिति के सदस्य पद के लिए दोपहर 1ः30 बजे से अपरान्ह 3ः00 बजे तक किया जाएगा। मतगणना (अध्यक्ष पद एवं अपील समिति के सदस्य पद हेतु) मतदान के तुरंत पश्चात की जाएगी। निर्वाचित अध्यक्ष एवं अपील समिति के सदस्य की घोषणा मतगणना पूर्ण होने के पश्चात की जाएगी।