पुल से नर्मदा नदी में गिरी बस, 13 शव निकाले गए, कुछ यात्रियों के नदी में बहने की आशंका

इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) आज सुबह इंदौर से पुणे  के अमलनेर जा रही महाराष्ट्र राज्य परिवहन की बस खलघाट में नर्मदा नदी के पुल से गिर गई। बस में इंदौर से सवार हुए 12 यात्रियों सहित 55 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से 13 लोगों के शव अब तक निकाले जा चुके हैं, जबकि अन्य यात्रियों की खोज की जा रही है। बस में सवार 15 यात्री बचा लिए गए, जबकि कुछ यात्रियों के नदी में बहने की भी आशंका है।

इंदौर के सरवटे बस स्टैंड से आज सुबह 7.30 बजे निकली महाराष्ट्र राज्य परिवहन की इंदौर -अमलनेर बस में इंदौर से करीब 12 यात्री सवार हुए, वहीं कई यात्री पहले से बस में बैठे हुए थे। बस करीब सवा 10 बजे अनियंत्रित होकर रैलिंग तोड़ती हुई खलघाट के नए पुल से नर्मदा में जा गिरी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों  के साथ गोताखोरों और नाविकों की मदद से पुलिस ने  डूबी बस के यात्रियों को निकालना शुरू किया । डूबी बस में से अब तक 13 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं, जबकि 15 यात्रियों को सुरक्षित निकाले जाने की खबर है। हालांकि इनमें से कुछ लोगों की हालत गंभीर है। इसके अलावा अन्य यात्रियों की खोज की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक बाइक सवार को बचाने में बस नदी में डूब गई । साथ ही बस का टायर फटने या स्टेयरिंग भी फेल होने की आशंका है। बस को जब नदी से  निकाला गया तब उसमें कुछ यात्रियों के शव फंसे हुए थे।   बस को जिस अवस्था में नदी से निकाला गया है उससे आशंका है कि  हताहतों की संख्या बढ़ सकती है।

बताया जाता है कि डूबी हुई बस इंदौर से सुबह साढ़े सात बजे निकलने के बाद घटना से पहले  चाय-नाश्ते के लिए एक ढाबे पर रुकी थी। बस में सवार यात्रियों ने यहां पर चाय-नाश्ता किया उसके बाद बस गंतव्य के लिए रवाना हुई। पुलिस द्वारा ढाबा मालिक से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बस में सवार यात्रियों की संख्या कितनी हो सकती है।  प्रशासन द्वारा मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र परिवहन के कर्मचारियों से भी चर्चा की जा रही है।

चट्टान पर गिरी बस फिर डूबी

बताया जाता है कि रैलिंग तोडक़र गिरी बस एक चट्टान से टकराई और उसके बाद औंधी होकर नदी में जा गिरी, जिससे बस में सवार यात्रियों को बचकर निकलने का मौका ही नहीं मिला।

सीएम शिवराज सिंह ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुबह खरगोन-धार के बीच स्थित खलघाट में हुई बस दुर्घटना का संज्ञान लिया है। बस के खाई में गिर जाने की सूचना मिलते ही प्रशासन को शीघ्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। बस को क्रेन की मदद से निकाल लिया गया है। यात्रियों के रेस्क्यू का काम जारी है।  जिला प्रशासन घटना स्थल पर है। मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को भेजने के निर्देश दिए हैं, इसके अतिरिक्त आवश्यक संसाधन घटना स्थल पर भेजने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। खरगोन, इंदौर जिला प्रशासन के साथ मुख्यमंत्री निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं।