सीएम आदित्यनाथ के स्वास्थ्य की कामना को लेकर उज्जैन के बगलामुखी मंदिर में यज्ञ

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी)       उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वास्थ्य की कामना को लेकर उज्जैन में बुधवार को भैरवगढ़ रोड स्थित मां बगलामुखी मंदिर प्रांगण में भर्तृहरि गुफा के महंत पीर योगी श्री रामनाथ महाराज ने यज्ञ-अनुष्ठान कराया।

पंडितों ने मां के दरबार में चैत्र नवरात्रि पर्व के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यह यज्ञ अनुष्ठान संपन्न किया। इस दौरान यज्ञ स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का चित्र रखा गया तथा मां बगलामुखी के साथ मंदिर प्रांगण में विराजित देवी प्रत्यंगिरा से भी योगी आदित्यनाथ के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की गई। पीर येागी श्री रामनाथ महाराज ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नाथ सम्प्रदाय के प्रमुख व गोरक्षपीठाधीश्वर है। उज्जैन में नाथ सम्प्रदाय का प्रमुख स्थान भर्तृहरि गुफा होने से यहां यज्ञ अनुष्ठान किया गया। योगी आदित्यनाथ के बुधवार को कोरोना पॉजीटीव होने की खबर मिलने के बाद ही उज्जैन में उनके जल्द स्वस्थ्य होने की प्रार्थना शुरू कर दी गई। उज्जैन चूंकि धार्मिक नगरी है और मां बगलामुखी का दरबार वह भी चैत्र नवरात्रि जैसे विशेष पर्व पर किए इस पूजा-अनुष्ठान से शीघ्र सफलता मिलेगी। मां बगलामुखी दस महाविद्याओं में एक है तो देवी प्रत्यंगिरा तुरंत रोग निवारण करने वाली देवी मानी जाती है। इसलिए दोनों देवियों से योगी आदित्यनाथ के लिए प्रार्थना व यज्ञ किया गया।