श्री महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता प्राप्त करने के लिये मीडिया कार्यशाला आयोजित

उज्जैन ।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्री महाकाल महाराज मन्दिर परिसर विस्तार योजना एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता प्राप्त करने के लिये आज एक स्थानीय होटल में मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में श्री महाकाल महाराज मन्दिर विस्तार योजना के बारे में मीडियाकर्मियों को कलेक्टर श्री आशीष सिंह द्वारा प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तार से जानकारी दी गई। इसके बाद मौजूद मीडियाकर्मियों से सुझाव भी प्राप्त किये गये। कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त सुझावों पर विचार कर इन पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। मीडिया कार्यशाला में पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र कुमार शुक्ल, नगर निगम आयुक्त  क्षितिज सिंघल, एडीएम  नरेन्द्र सूर्यवंशी, एएसपी अमरेंद्र सिंह, स्मार्ट सिटी सीईओ  जितेन्द्र सिंह चौहान, यूडीए सीईओ एसएस रावत, उपायुक्त नगर निगम श्रीमती कल्याणी पाण्डे सहित बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी मौजूद थे।
कलेक्टर आशीष सिंह ने कार्यशाला में जानकारी देते हुए बताया कि योजना अन्तर्गत चल रही परियोजना के क्रियान्वयन से श्री महाकालेश्वर मन्दिर परिसर का क्षेत्रफल वर्तमान स्थिति से आठ गुना बढ़ जायेगा। योजना का कार्य दो चरणों में पूर्ण होगा। प्रथम चरण में श्री महाकालेश्वर वाटिका, श्री शिव अवतार वाटिका, महाकालेश्वर मार्ग, अर्थपथ क्षेत्र, रूद्र सागर तट विकास, नूतन विद्यालय परिसर, गणेश विद्यालय परिसर, पार्किंग, धर्मशाला, प्रवचन हाल एवं अन्नक्षेत्र का विकास किया जायेगा। द्वितीय चरण में महाराजवाड़ा परिसर का विकास, रूद्र सागर का जीर्णोद्धार, छोटा रूद्र सागर तट का विकास, रामघाट का सौन्दर्यीकरण, पार्किंग एवं पर्यटन सूचना केन्द्र, हरिफाटक पुल का चौड़ीकरण एवं रेलवे अण्डरपास, रूद्र सागर पैदल पुल, महाकाल द्वार एवं प्राचीन मार्ग, बेगमबाग मार्ग का विकास, रूद्र सागर पश्चिमी मार्ग का विकास तथा महाकाल पहुंच मार्ग का विकास किया जायेगा। प्रजेंटेशन के बाद कलेक्टर ने पत्रकारों के प्रश्नों के उत्तर दिये एवं उनके सुझावों को सुना।