सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या और मिथिला का पौराणिक मिलन पुनर्जीवित,ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

अयोध्या ।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरयू-कमला एक्सप्रेस से अयोध्या और मिथिला का पौराणिक मिलन पुनर्जीवित हो गया।

अयोध्या धाम एवं जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। मां सरयू की पावन धारा से अभिसिंचित अयोध्या धाम और मां कमला के पवित्र जल से सिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री मोदी के विरासत और विकास के अद्भुत संगम का जीवंत उदाहरण है। इसके शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे रामलला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का हजारों वर्षों पुराना संबंध आस्था, आत्मीयता, साझी नदियों व परिवारों से जुड़ा है, जिसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहते हैं। महर्षि विश्वामित्र संग राम-लक्ष्मण के मिथिला जाने और दशरथ द्वारा बारात ले जाने की कथा आज भी विवाह पंचमी पर जीवंत होती है। अयोध्यावासी जनकपुर को ससुराल और मिथिलावासी श्रीराम को पाहुन मानते हैं। पशुपतिनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम दोनों देशों को आध्यात्मिक सेतु से जोड़ते हैं। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से आई खिचड़ी चढ़ती है और बासंतिक नवरात्रि पर नेपाल से यात्रा देवीपाटन आती है। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और साधना स्थल पिपरहवा (कपिलवस्तु), श्रावस्ती, सारनाथ व कुशीनगर साझा विरासत हैं। जुलाई 2025 में 127 वर्ष बाद हांगकांग से भारत लौटे बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का उद्गम स्थल सिद्धार्थनगर सीमा के निकट है।

उन्होंने कहा कि नेपाल की करनाली, गंडकी, राप्ती व महाकाली नदियां यूपी में सरयू, गंडक, राप्ती व शारदा बनकर बहती हैं। दोनों देशों की खुली सीमा विश्वास का अनोखा उदाहरण है। पड़ोसी प्रथम नीति के तहत यूपी के सात जनपद पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज नेपाल से लगभग 600 किलोमीटर सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के ‘एचआईटी’ फॉर्मूले यानी हाईवेज, आईवेज व ट्रांसवेज पर तेजी से काम हो रहा है। 2018 में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू हुई और अब रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जिसके आसपास इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बाराबंकी-बहराइच फोर लेन हाईवे बनने से रुपईडीहा-नेपालगंज का यात्रा समय आधा रह जाएगा। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉड गेज व विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर टर्मिनल व वेयरहाउस बन रहे हैं, जबकि पिछले सप्ताह 1,450 करोड़ रुपये से निर्मित 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण हुआ। पिपरी नेपाल बॉर्डर से सिद्धार्थनगर व बस्ती होकर प्रयागराज तक फोर लेन कॉरिडोर पर कार्य जारी है। वहीं 750 किलोमीटर लंबा छह लेन गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होकर जनकपुर जाने वाला श्री राम जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम में आज महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट को नई ऊंचाई देगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में भव्य मां जानकी मंदिर व आध्यात्मिक नगरी बन रही है। यूपी, बिहार और नेपाल के 10 स्टेशनों पर ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल, शिल्प और परिवहन में हजारों रोजगार सृजित होंगे। यह ट्रेन जनकपुर में मिथिला पेंटिंग बनाने वाली बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उत्तर प्रदेश रामायण और बौद्ध दोनों सर्किट का केंद्र है।