बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द, चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित

रांची।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी)चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लगातार बारिश और खराब मौसम के चलते शनिवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 14 उड़ानें रद्द कर दी गईं। वहीं, दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को मौसम अनुकूल न होने के कारण कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। अचानक उड़ानें रद्द होने से एयरपोर्ट पर पहुंचे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

शनिवार को रांची एयरपोर्ट से दिल्ली, हैदराबाद, पटना, मुंबई, भुवनेश्वर, चेन्नई, अहमदाबाद, कोलकाता, पुणे और बेंगलुरु के लिए आने-जाने वाली उड़ानें प्रभावित हुईं। रद्द की गई 14 उड़ानों में दिल्ली के लिए चार, कोलकाता के लिए दो, जबकि अन्य शहरों के लिए एक-एक उड़ान शामिल है।

रद्द हुई उड़ानों में रांची से दिल्ली के लिए फ्लाइट 2038, 2219, 2286 और 6274 शामिल हैं। इसी तरह हैदराबाद के लिए फ्लाइट 398, पटना के लिए फ्लाइट 925, मुंबई के लिए फ्लाइट 6088, भुवनेश्वर के लिए फ्लाइट 7726, चेन्नई के लिए फ्लाइट 209, अहमदाबाद के लिए फ्लाइट 6654, पुणे के लिए फ्लाइट 761 और बेंगलुरु के लिए फ्लाइट 6799 रद्द कर दी गई। कोलकाता के लिए फ्लाइट 7466 और 7468 भी रद्द हुईं।

खराब मौसम का असर शनिवार सुबह भी देखने को मिला। दिल्ली से रांची आ रही इंडिगो की एक फ्लाइट को लगातार बारिश और कम दृश्यता के कारण कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। मौसम अनुकूल न होने से विमानों के संचालन में बाधा आ रही है, जिससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं बिगड़ गई हैं। एयरपोर्ट पर पहुंचे कई यात्री घंटों इंतजार करते रहे। कई यात्रियों ने अपनी महत्वपूर्ण यात्राओं और कार्यक्रमों से चूकने की चिंता जताई। हालांकि, एयरलाइनों की ओर से प्रभावित यात्रियों को उड़ान परिवर्तन या रिफंड संबंधी जानकारी देने की कोशिश की जा रही है।