उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्रीगंगा होटल हादसे में अभी किसी की जिम्मेदारी तय नहीं हुई है, वहीं कल वाल्मीकि समाज के धरने में होटल मालिक की तरफ से मृतकों को 30-30 लाख रुपए देने की घोषणा हुई जो कि चेक के माध्यम से दिए जाएँगे। कल समाज के आक्रोशित लोगों ने धरना दिया था और मृतक लड़के सफाईकर्मी का काम करते थे एवं अतिरिक्त पैसों के लिए टैंक की सफाई के लिए उतरे थे।
निगम के पास टैंक की सफाई के लिए गाडिय़ां और मशीनें उपलब्ध हैं। ऐसे में मजदूरों को टैंक के अंदर उतारकर सफाई कराना गलत है। इधर नगर निगम ने रविवार को शहर के होटल और रेस्टोरेंट में सफाई व्यवस्था के साथ सुरक्षा इंतजामों की जांच शुरू कर दी है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को टैंक या चैंबर की सफाई कराने से पहले नगर निगम को सूचना देनी होगी। निगम की जानकारी और सहयोग के बिना सफाई नहीं कराई जा सकेगी।
रविवार को नगर निगम के अधिकारियों ने अपना स्वीट्स, होटल आश्रय और होटल समसारा की बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) इकाइयों का विशेष निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने टैंकों की सफाई, ढक्कनों की उपलब्धता, मशीनों के रखरखाव और कर्मचारियों की सुरक्षा के इंतजामों की जांच की। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। निगम ने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
