नवरात्रि पर्व को लेकर डीजे संचालकों की बैठक सम्पन्न, रात्रि 10:30 बजे तक बज सकेगा डीजे

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए चिंतामन थाना परिसर में डीजे संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी हेमराज यादव ने डीजे संचालकों से आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था एवं शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।

बैठक के दौरान नवरात्रि पर्व में गरबा, धार्मिक आयोजन एवं अन्य कार्यक्रमों के दौरान डीजे संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी हेमराज यादव ने बताया कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। डीजे संचालकों को ध्वनि सीमा सहित निर्धारित नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में डीजे संचालकों को बताया गया कि आगामी नवरात्रि पर्व के दौरान रात्रि 10:30 बजे तक डीजे बजाने की अनुमति रहेगी। इसके बाद डीजे संचालन नहीं किया जा सकेगा। थाना प्रभारी ने सभी संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर चिंतामन थाना क्षेत्र के डीजे संचालक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।यह जानकारी प्रधान आरक्षक राहुल कुशवाह ने दी ।