इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर विमानतल पर इंडिगो एयरलाइंस का एक विमान बिगडऩा सैकड़ों यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन गया। विमान के बिगडऩे से रीवा और जबलपुर की तीन उड़ानों को निरस्त करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी रीवा के यात्रियों को हुई, क्योंकि उनके पास दूसरी कोई सीधी उड़ान नहीं थी। नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा भी किया।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट 10.50 बजे जबलपुर से इंदौर आकर 11.20 बजे रीवा जाती है। रीवा से 3.20 बजे यह विमान इंदौर आकर 3.40 बजे जबलपुर जाता है। गुरुवार सुबह यह विमान तय समय पर जबलपुर से इंदौर पहुंचा, लेकिन रीवा जाने से पहले विमान में तकनीकी खराबी आ गई। एयरलाइंस के इंजीनियरिंग स्टाफ ने विमान की जांच करते हुए सुधार शुरू किया, लेकिन तुरंत सुधार संभव नहीं होने के चलते कंपनी ने इंदौर से रीवा जाने और आने वाली उड़ानों को निरस्त करने की घोषणा की। इस बीच दोपहर तक भी विमान के ठीक न होने पर कंपनी ने इंदौर से जबलपुर जाने वाली फ्लाइट को भी निरस्त कर दिया। उड़ानों के निरस्त होने से नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर हंगामा करते हुए दूसरे विमान की व्यवस्था करने की मांग की, लेकिन एयरलाइंस ने इसमें असमर्थता जताते हुए यात्रियों को रिफंड और रीबुकिंग का विकल्प दिया। अधिकांश यात्रियों को कल की उड़ानों में बुकिंग दी गई। रक्षाबंधन के त्योहार पर अपने घर जाने वाले यात्रियों को उड़ानों के निरस्त होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
