राजसी सवारी से पूर्व कंठाल से छत्रीचौक मार्ग का 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण, सौंदर्यीकरण कार्य को अंतिम रूप देने में जुटी निगम की टीम

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) सिंहस्थ महापर्व 2028 को दृष्टिगत रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण एवं विकास कार्य नगर निगम द्वारा प्राथमिकता के साथ किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के सबसे व्यस्ततम एवं प्राचीन मार्गों में शामिल कंठाल चौराहा से छत्रीचौक तक लगभग 450 मीटर से अधिक लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा करने का कार्य कराया गया है
   बाबा महाकाल की राजसी सवारी 7 अगस्त को कंठाल चौराहा होते हुए छत्रीचौक से निकलेगी। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में निगम की टीम द्वारा दिन-रात कार्य करते हुए मार्ग के विकास कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है। वर्तमान में 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण किया जा चुका है। कंठाल से छत्रीचौक तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि कंठाल चौराहा एवं सती गेट के सौंदर्यीकरण के शेष कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने के लिए निगम की टीम रात्रि में भी ठेकेदार के साथ कार्य कर रही है
कंठाल चौराहा को मिलेगा आकर्षक स्वरूप
कंठाल चौराहा शहर का प्राचीन एवं प्रमुख चौराहा है। इसके सौंदर्यीकरण के अंतर्गत पेपर ब्लॉक लगाए जाएंगे। साथ ही चौराहे पर अंडरग्राउंड लाइटिंग व्यवस्था विकसित की गई है। इससे विद्युत तारों के जाल से चौराहे को मुक्ति मिलेगी और चौराहे का स्वरूप अधिक व्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई देगा। शहर में पहली बार इस प्रकार की अंडरग्राउंड लाइट व्यवस्था का कार्य इस स्वरूप में किया गया है
सती गेट को दिया जायेगा हेरिटेज स्वरूप
सती गेट क्षेत्र को भी शहर की ऐतिहासिक पहचान के अनुरूप हेरिटेज स्वरूप प्रदान किया जा रहा है। सती गेट के आसपास लगभग 50 मीटर क्षेत्र में कोबल स्टोन लगाने का कार्य किया जाएगा। गेट पर लगे पुराने पेंट को हटाकर उसमें लगे ऐतिहासिक पत्थरों (एरण पत्थर) को उनके मूल स्वरूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए ट्रांसपेरेंट वाटर रिपेलेंट कोटिंग की जाएगी, जिससे पत्थरों की प्राकृतिक एवं पुरातात्विक सुंदरता बनी रहे
   नगर निगम दिन रात कार्य करते हुए बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पूर्व कंठाल चौराहा एवं सती गेट के शेष सौंदर्यीकरण कार्य भी पूर्ण कर लिए जाएंगे जिससे राजसी सवारी के दौरान मार्ग का स्वरूप आकर्षक एवं व्यवस्थित दिखाई देगा
यातायात व्यवस्था के साथ व्यापार को भी मिलेगा लाभ
लगभग 450 मीटर लंबे मार्ग को 15 मीटर चौड़ा किए जाने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। सड़क की चौड़ाई बढ़ने से नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही व्यवस्थित एवं चौड़े मार्ग का क्षेत्र के व्यापारियों को भी दीर्घकालीन लाभ मिलेगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा लंबे समय से मार्ग चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इस मांग को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा मार्ग का चौड़ीकरण कार्य कराया गया है