सतीगेट क्षेत्र में शेष बाधित भवनों को हटाने की कार्यवाही तेज, राजसी सवारी से पूर्व कंठाल चौराहा-छत्री चौक मार्ग के शेष चौड़ीकरण कार्य शीघ्र पूर्ण करें – निगम आयुक्त

उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) बाबा महाकाल की राजसी सवारी के पूर्व सवारी मार्ग के सभी शेष निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के उद्देश्य से निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा मंगलवार सुबह कंठाल चौराहा से सतीगेट होते हुए छत्री चौक तक चल रहे चौड़ीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। मार्ग पर  75 मीटर पीक्यूसी सड़क निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है, जबकि शेष लगभग 310 मीटर पीक्यूसी सड़क निर्माण कार्य किया जाना है।

निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष पीक्यूसी सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया जाए तथा सड़क की सरफेस फिनिशिंग का कार्य भी उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके, मार्ग पर प्रीकास्ट नाली निर्माण, पेयजल लाइन शिफ्टिंग एवं विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य प्रचलित है। निगम आयुक्त ने इन कार्यों को आपसी समन्वय के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही सतीगेट क्षेत्र में शेष बाधित भवनों को हटाने की कार्यवाही के साथ-साथ नाली निर्माण कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
बाबा महाकाल की राजसी सवारी से पूर्व मार्ग चौड़ीकरण से संबंधित सभी शेष कार्य हर स्थिति में पूर्ण किए जाएं, श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।
 टंकी चौक के विकास की विस्तृत योजना बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त ने टंकी चौक चौराहे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चौराहे पर प्रस्तावित एवं आवश्यक विकास कार्यों की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश निगम अधिकारियों को दिए, ताकि क्षेत्र में यातायात एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।