उज्जैन:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के अंतर्गत कोठी रोड स्थित ऐतिहासिक कोठी महल को वीर भारत संग्रहालय के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से प्रगति पर है। शुक्रवार को निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों के साथ निर्माण एवं जीर्णाेद्धार कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संग्रहालय के प्रथम तल पर चल रहे स्लैब कार्य, प्लास्टर, क्रैक स्टिचिंग, पॉइंटिंग सहित अन्य निर्माण कार्यों का अवलोकन किया, प्रथम तल पर कार्य की धीमी प्रगति पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार एवं कंसल्टेंट के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्य की गति बढ़ाने तथा गुणवत्ता से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त ने स्मार्ट सिटी अधिकारियों को कार्य की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा वर्षा ऋतु के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने भवन की एक्सटर्नल कोटिंग के सैंपल का भी निरीक्षण किया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश प्रदान किए।
