संवाद से खिलते हैं संस्कार, बच्चों और अभिभावकों ने सीखे पारिवारिक खुशियों के गुर

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्री राजेंद्र जैन ज्ञान मंदिर नमकमंडी में दादा गुरुदेव श्रीमदविजय राजेन्द्र सूरीश्वर जी के जन्म द्विशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में ‘युगपुरुष का युगोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में त्रिस्तुतिक श्रीसंघ और परिषद परिवार नमकमंडी द्वारा मोतीमहल धर्मशाला में एक दिवसीय सेमिनार आयोजित किया गया। अखिल भारतीय श्री राजेंद्र जैन बहु परिषद के संयोजन में हुए इस सेमिनार का विषय ‘संवाद से संस्कार एवं संवाद से ही घर-परिवार’ था, जिसमें भोपाल से आईं मुख्य वक्ता ने जनरेशन गैप और वर्तमान परिस्थितियों में खुशहाल परिवार के तरीके बताए।
कार्यक्रम में भोपाल की काउंसलर, हिप्नोथेरेपिस्ट, पैरेंटिंग कोच और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में कार्यरत हर्षना वोहरा ने ‘बातों से बने रिश्ते, संवाद से खिले संस्कार’ की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया। सेमिनार का शुभारंभ श्रीसंघ के संरक्षक व पूर्व विधायक पारस जैन, अध्यक्ष मदनलाल रूनवाल, सचिव संजय कोठारी, एमआईसी सदस्य रजत मेहता, महिला परिषद की वरिष्ठ सदस्य गुणमाला नाहर और बहु परिषद अध्यक्ष प्रमिला तल्लेरा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंगलाचरण प्रिया कंकरेचा और नीलू गिरिया ने प्रस्तुत किया।
बच्चों को सिखाया खुद से प्यार करना और सही मित्रों का चयन
कार्यशाला मुख्य रूप से दो सत्रों में हुई। प्रथम सत्र में 200 बच्चों ने हिस्सा लिया। उन्हें बच्चों के चुप रहने के कारण, मोबाइल बनाम पारिवारिक संवाद, डांट की जगह संवाद का महत्व और किशोरावस्था की भावनाओं जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही करियर चयन, खुद से प्यार करने, अपनी बात सही तरीके से दूसरों तक पहुंचाने और सही मित्रों का चुनाव करने के गुर सिखाए गए।
अभिभावकों को मिली टिप्स, दी गई विशेष थेरेपी
द्वितीय सत्र में अभिभावकों को बच्चों को बेहतर समझने और संवाद बढ़ाने के व्यावहारिक तरीके बताए गए, ताकि आपसी विश्वास बढ़े और एक सकारात्मक व खुशहाल परिवार का निर्माण हो सके। समापन पर जीवन को नियंत्रित करने के लिए शत-प्रतिशत असरदार थेरेपी दी गई। इसके बाद सेमिनार के निष्कर्ष को बच्चों ने एक नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया।
लाभार्थियों ने किया अतिथियों का सम्मान
कार्यक्रम के लाभार्थी परिवारों ने मुख्य वक्ता और अतिथियों का सम्मान किया। उपस्थित लोगों ने ऐसे सेमिनार की आवश्यकता पर जोर देते हुए सीखी गई बातों को अमल में लाने का संकल्प लिया। अंत में बहु परिषद सचिव प्रिया खाबिया ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *