​वट पूर्णिमा पर हुए सांस्कृतिक आयोजन, नन्हीं बालिकाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) महाराष्ट्र समाज उज्जयिनी की महिला शाखा वनिता मंडल द्वारा वट पूर्णिमा के अवसर पर विविध सांस्कृतिक एवं प्रतियोगितात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आयोजन का मुख्य आकर्षण ‘सत्यवान-सावित्री’ नाटिका रही, जिसके जीवंत मंचन ने दर्शकों की भरपूर सराहना बटोरी।

​महाराष्ट्र समाज के सचिव सुशील मुले ने बताया कि नाटिका का लेखन एवं निर्देशन डॉ. तनुजा कद्रे ने किया। नाटक में यमराज की भूमिका शोभा अयाचित और सूत्रधार की भूमिका अनुश्री पांचखेड़े ने निभाई। इसके साथ ही श्रुति गोखले, सीमा धुलेकर, आशा महांकाल, राजश्री खोपकर, आरती देशपांडे, वनिता वाघे एवं कीर्ती गुमास्ते ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में नन्हीं बालिकाओं ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुति के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सार्थक संदेश दिया।

आम के व्यंजनों की प्रतियोगिता में सुनीता रहीं प्रथम

इस अवसर पर उपवास में बनने वाले आम के विशेष व्यंजनों की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सुनीता मुळे ने प्रथम, अश्विनी वझे ने द्वितीय तथा संध्या चाडावार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में वनिता मंडल की अध्यक्ष अरुणा जोगलेकर ने सभी कलाकारों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *