बाबा महाकाल को बेलपत्र का पौधा अर्पित कर ‘एक पेड़-एक परिवार’ अभियान का शुभारंभ, 11 हजार पौधे लगाने का संकल्प 

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण के उद्देश्य से सर्व श्री सनातन धर्म संस्कार जनकल्याण समिति द्वारा ‘एक पेड़-एक परिवार’ महाअभियान की शुरुआत की गई है। विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग श्री महाकालेश्वर मंदिर में पूजन-अर्चन कर बाबा महाकाल को बेलपत्र का पौधा अर्पित किया गया और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया गया।

समिति के अध्यक्ष पं. मनोज रावत ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेशभर में 11 हजार पौधों के निःशुल्क वितरण एवं पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। महाअभियान में प्रत्येक परिवार को कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया जा रहा है। बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के बीच वृक्षारोपण ही प्रकृति संतुलन का सबसे प्रभावी माध्यम है। संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता संपूर्ण प्रदेश में पौधारोपण कर लोगों को इसके लिए प्रेरित करेंगे। समिति का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संवर्धन के प्रति समाज को जागरूक करना भी है।
पूर्व विधायक को शमी का पौधा भेंट कर किया आह्वान
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पूर्व विधायक एवं मध्य प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य रामलाल मालवीय को संगठन के सदस्यों ने शमी का पौधा भेंट कर अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया। संगठन ने प्रदेशवासियों से भी अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने परिवार के नाम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करें।
कार्यक्रम में पं. महेंद्र व्यास, नवीन सोगानी, आशीष सोमानी एवं प्रखर जोशी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *