15 जुलाई को लॉन्च होगी नई आईआरसीटीसी वेबसाइट, नई वेबसाइट ज्यादा यूजर फ्रेंडली होगी

नई दिल्ली।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्टूडेंट्स से बातचीत की और छात्रों की परेशानी को सुना. छात्रों का कहना है कि वह आईआरसीटीसी की ऑफिशियल साइट पर कैप्चा से परेशान हैं, छात्रों ने अश्विनी वैष्णव से इस परेशानी को दूर करने के लिए कहा तो केंद्रीय रेल मंत्री ने छात्रों को इस बात का आश्वासन दिया कि 15 जुलाई 2026 को आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट को लॉन्च किया जाएगा.

सरकार के इस कदम से हर उस व्यक्ति को फायदा होगा जो आईआरसीटीसी के जरिए ट्रेन टिकट बुकिंग करता है, नई वेबसाइट के आने से बेहतर टिकट बुकिंग एक्सपीरियंस देने के उद्देश्य और स्टूडेंट्स की परेशानी को दूर करने के लिए सरकार ये बड़ा कदम उठा रही है.

रेल मंत्री का तुरंत एक्शन
एक कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री पहुंचे थे जहां एक छात्रा ने उन्हें वेबसाइट में आने वाली दिक्कतों के बारे में बताया कि साइट पर कैप्चा भरने में परेशानी होती है. स्टूडेंट्स की बात को सुनने के बाद रेल मंत्री ने बिना समय गंवाए तुरंत ही एक आधिकारी को फोन लगाया, उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स की मांग है आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट बननी चाहिए.

उन्होंने अधिकारी से फोन पर पूछा कि क्या हम 30 दिनों में वेबसाइट को बना पाएंगे? अधिकारी से जवाब मिलने के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्टूडेंट्स को आश्वासन दिया है कि अगले महीने की 15 तारीख यानी 15 जुलाई को नई वेबसाइट लॉन्च की जाएगी. आईआरसीटीसी की ये नई वेबसाइट ज्यादा यूजर फ्रेंडली होगी, पुरानी साइट की तुलना ज्यादा तेज होगी और नई साइट के जरिए बुकिंग प्रोसेस ज्यादा स्मूद होगा.

पीएम मोदी के नेतृत्व में बड़ा राजस्थान का रेल बजट
अश्विनी वैष्णव जयपुर पहुंचे और उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि सरकार राजस्थान में रेलवे का विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए कई बड़े कदम उठा रही है. 2014 से पहले राजस्थान का रेल बजट लगभग 600 करोड़ का था लेकिन पीएम मोदी के नेतृत्व में इस बजट में लगातार इजाफा हुआ और आज ये बजट 10,228 करोड़ रुपए का है.