उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) मध्यप्रदेश के रीवा में एक तेज रफ्तार कार द्वारा तीन जैन साध्वियों को कुचले जाने की घटना से पूरे जैन समाज में गहरा आक्रोश है। इस भीषण हादसे में दो साध्वियों की मौत के विरोध में सोमवार 25 मई को उज्जैन में सकल जैन समाज ने विशाल मौन रैली निकाली। समाज ने इस घटना को जानबूझकर की गई साजिश बताते हुए उच्च स्तरीय न्यायिक जांच या स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम से जांच कराने की मांग की है। साथ ही देशभर में साधु-संतों की सुरक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘संत सुरक्षा नीति’ लागू करने की पुरजोर मांग करते हुए प्रशासन को प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पैदल विहार के दौरान कार ने मारी थी टक्कर
ज्ञात हो कि 20 मई की दोपहर रीवा कलेक्ट्रेट के सामने धार्मिक परंपरानुसार सड़क किनारे पैदल विहार कर रही तीन जैन साध्वियों को एक तेज रफ्तार कार ने अचानक अपनी चपेट में ले लिया था। टक्कर इतनी भीषण थी कि पूज्य श्रुति मति माता का मौके पर ही निधन हो गया, जबकि उपसमिति माता ने संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरी साध्वी आर्यिका माता की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए रीवा कमिश्नर बीएस जामोद, डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने अस्पताल और घटनास्थल का निरीक्षण किया था।
270 किलोमीटर दूर जबलपुर में पकड़ाया आरोपी
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी चालक रशीद आबाद अली शाह मौके से भाग निकला था। रीवा पुलिस के इनपुट के आधार पर जबलपुर की बरगी पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को करीब 270 किलोमीटर दूर बहोरीपार टोल प्लाजा पर गिरफ्तार कर लिया। समाज ने मांग की है कि घटना से जुड़े सभी डिजिटल और सीसीटीवी साक्ष्य सुरक्षित रखे जाएं और दोषियों को कठोरतम सजा दी जाए।
फ्रीगंज से टावर चौक तक निकली मौन रैली
मुनि श्री सुधा सागर जी एवं मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के निर्देशन में देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शन के क्रम में उज्जैन में भी सुबह 8 बजे फ्रीगंज स्थित पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से विशाल मौन रैली की शुरुआत हुई। रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंची। मीडिया प्रभारी सचिन कासलीवाल ने बताया कि इस प्रदर्शन में विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा, विधायक महेश परमार, पूर्व विधायक पारस जैन, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, पार्षद रजत मेहता सहित समाज के सभी वर्गों और मातृशक्ति ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
धर्म की रक्षा के लिए पीछे नहीं हटेंगे: जैन संत
रैली से पूर्व मंदिर परिसर में उपस्थित समाजजनों को संबोधित करते हुए आर्यिका ज्ञेय मति माताजी ने कहा कि हम जैन हैं, लेकिन धर्म की रक्षा के लिए यदि हमें अहिंसा छोड़नी पड़े तो भी हम पीछे नहीं हटेंगे। आचार्य डॉ. मुक्ति सागर जी महाराज ने कहा कि हम सब एक हैं, धर्म के लिए जब भी सड़कों पर आना पड़ेगा, हम अपनी शक्ति दिखाएंगे। डॉ. संयम रन विजय जी महाराज ने कहा कि हम विश्व कल्याण के लिए कार्य करते हैं, लेकिन साधु-संतों पर विपत्ति आई तो हम सब एकजुट होकर हर संभव तरीके से समाधान करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने भी उठाई आवाज
रैली के दौरान विधायक अनिल जैन कालूखेड़ा और पूर्व विधायक पारस जैन ने कहा कि तीर्थ स्थानों एवं साधु-संतों की रक्षा के लिए हम सदैव तत्पर और एकजुट हैं। दिगंबर जैन समाज के अध्यक्ष अशोक जैन चायवाला ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर हमें आगे भी आंदोलन करना पड़ा तो हम सब साथ हैं। सकल जैन समाज के अध्यक्ष संजय सूर्या ने कहा कि संतों की सुरक्षा हमारा पहला कर्तव्य है। विधायक महेश परमार, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, पार्षद रजत मेहता, कमल जैन मैत्री, राजेश पटनी, संजय नहर और वैश्य समाज के कुलदीप दरिया ने भी अपने विचार रखे।
टावर चौक पर रैली के समापन के दौरान एसडीएम एलएन गर्ग को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन का वाचन तृप्ति गंगवाल ने किया। मंच संचालन धर्मेंद्र सेठी ने किया तथा आभार संस्था के नगर संयोजक ललित सेठी और अक्षय सेठीया ने माना।
file photo-
