उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शहर में आम जनता की समस्याओं, टाटा प्रोजेक्ट की खामियों और मंदिरों में दर्शन व्यवस्था को लेकर जिला युवा कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जनसमस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं हुआ, तो आगामी सात दिनों के भीतर बड़ा जन-आंदोलन कर कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अर्पित यादव के नेतृत्व में आयोजित मासिक बैठक में प्रशासन के खिलाफ इस आंदोलन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में मुख्य रूप से महाकाल मंदिर में 250 रुपये और कालभैरव मंदिर में 500 रुपये का दर्शन शुल्क लगाने का कड़ा विरोध किया गया। इसके साथ ही शहर में टाटा प्रोजेक्ट के कारण खोदी गई सड़कों, नालियों की बदहाली और गहराती जल समस्या के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि गूंगे-बहरे हो चुके जिला प्रशासन को जगाने और आम जनता को राहत दिलाने के लिए अब सड़कों पर उतरना आवश्यक हो गया है।
