विहिप-बजरंग दल ने निकाला पैदल मार्च, गूंजा ‘लव जिहाद बंद करो’ का नारा

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) लव जिहाद और धर्मांतरण के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा देशभर में चलाए जा रहे आंदोलन के तहत उज्जैन में भी एक विशाल पैदल मार्च निकाला गया। हजारों कार्यकर्ताओं की भागीदारी वाला यह मार्च शहीद पार्क से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ चामुंडा माता चौराहे पर जाकर संपन्न हुआ।

मार्च के दौरान पूरे मार्ग पर युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने जोरदार नारेबाजी की। “लव जिहाद बंद करो, नारी के सम्मान में बजरंग दल मैदान में” जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए इस मोर्चे के अंत में संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय थाना प्रभारी अनिल पाराशर को एक ज्ञापन सौंपा।
जिला कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम प्रेषित इस ज्ञापन में देश में बढ़ती जिहादी मानसिकता, अवैध कब्जों और सुनियोजित षड्यंत्रों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में बताया गया है कि देश के सामाजिक ताने-बाने को छिन्न-भिन्न करने वाली यह मानसिकता वर्तमान में राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और सद्भाव के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है।
ज्ञापन में उठाए गए प्रमुख मुद्दे
ज्ञापन में कई गंभीर चिंताएं व्यक्त की गई हैं। नासिक जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं के आसपास उजागर हुए प्रकरणों का हवाला देते हुए बताया गया कि लव जिहाद का दायरा अब सुशिक्षित समाज और व्यावसायिक क्षेत्रों तक फैल चुका है। उत्तर प्रदेश के छंगुर उर्फ जमालुद्दीन और उसकी महिला सहयोगी नसरीन द्वारा कई हिंदू कन्याओं का शारीरिक शोषण कर ब्लैकमेल करने और जबरन धर्मांतरण करवाने के मामलों का भी उल्लेख किया गया। ज्ञापन में आतंकी कनेक्शन का जिक्र करते हुए बताया गया कि दिल्ली लाल किले ब्लास्ट में अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े जिहादी मानसिकता वाले मुस्लिम डॉक्टरों द्वारा बम ब्लास्ट किया गया था, जिसमें महिला डॉक्टर शाहीन के भी शामिल होने की बात है। इसके अलावा, देश के विभिन्न नगरों में वन, सार्वजनिक, रेलवे और सेना की सुरक्षित भूमि पर सुनियोजित तरीके से हो रहे अवैध कब्जों (लैंड जिहाद) को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधी चुनौती बताया गया। समाज में वैमनस्य फैलाने के उद्देश्य से खाद्य पदार्थों को अपवित्र करने की निरंतर सामने आ रही घटनाओं को नागरिकों की धार्मिक भावनाओं और स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ बताया गया। साथ ही, मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में अल्पसंख्यक हिंदू परिवारों और जनजाति समाज की अवयस्क बालिकाओं का शारीरिक व मानसिक शोषण कर उन्हें पलायन के लिए विवश करने का गंभीर मुद्दा भी उठाया गया।
सख्त केंद्रीय कानून लागू करने की मांग
विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के सह प्रचार-प्रसार प्रमुख राज जोशी ने बताया कि संगठन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध है। प्रशासन से मांग की गई है कि ऐसी राष्ट्र विरोधी और आपराधिक मानसिकता वाले तत्वों को चिह्नित कर उन पर त्वरित एवं कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। साथ ही सार्वजनिक व सरकारी भूमि से सभी अवैध कब्जे तत्काल हटाए जाएं। लव जिहाद और जबरन धर्मांतरण जैसे कृत्यों को रोकने के लिए कठोर केंद्रीय कानून लागू करने और जनजातीय क्षेत्रों में शोषण रोकने हेतु विशेष सुरक्षा तंत्र विकसित करने की पुरजोर मांग की गई है। उक्त जानकारी

विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल मीडिया प्रभारी राज जोशी ने दी|

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *