इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) इंदौर से शारजाह के बीच संचालित होने वाली प्रदेश की एकमात्र अंतरराष्ट्रीय उड़ान को लेकर फिर इंतजार बढ़ गया है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने इस फ्लाइट को 19 अप्रैल से शुरू करने की घोषणा की थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 30 अप्रैल तक निरस्त कर दिया गया है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर 1 मई से बुकिंग शुरू कर दी है, हालांकि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इस तारीख पर भी संशय बना हुआ है।
युद्ध के हालात और गर्मी से मांग कमजोर
ट्रैवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया का कहना है कि गर्मियों के दौरान यूएई जाने वाले यात्रियों की संख्या आमतौर पर कम रहती है, और मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात ने इस मांग को और कमजोर कर दिया है। ऐसे में एयरलाइन के लिए कम यात्रियों के साथ उड़ान शुरू करना मुश्किल है। यही वजह है कि 1 मई से बुकिंग खुलने के बावजूद यह तय नहीं माना जा रहा कि फ्लाइट उस दिन से भी शुरू हो पाएगी या नहीं। इस तरह अब इंदौर-शारजाह फ्लाइट की वापसी अब केवल तारीख का मामला नहीं रह गया है, बल्कि यह पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय हालात और यात्री मांग पर निर्भर हो गई है। उल्लेखनीय है कि विगत कई महीनों से उड़ानें या तो लेट हो रही है या निरस्त, जिसके कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और कई महत्वपूर्ण समय एयरपोर्ट पर ही काटना पड़ता है।
