उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) कपिल गौशाला में गौ रक्षा और गौ सम्मान को लेकर एक विशेष अभियान शुरू किए जाने की घोषणा की गई। इस संबंध में संत विशालदास जी महाराज ने पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता कर अभियान के उद्देश्यों और मांगों पर विस्तार से चर्चा की। प्रेस वार्ता में संत विशालदास जी महाराज ने कहा कि देश में गौ माता को सेवा, सुरक्षा और सम्मान दिलाने के लिए व्यापक जनजागरण की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से “गौ सम्मान अभियान” चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से समाज और सरकार दोनों का ध्यान गौ संरक्षण की ओर आकर्षित किया जाएगा। उन्होंने मांग रखी कि गाय माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिया जाए, ताकि पूरे देश में उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें। साथ ही केंद्र सरकार से गौ मंत्रालय बनाए जाने की मांग भी की गई, जो गौ संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और नीतियों को प्रभावी तरीके से लागू कर सके।
प्रेस वार्ता में यह भी कहा गया कि पूरे भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए सख्त कानून बनाया जाना चाहिए। गौ हत्या करने, करवाने या गौ मांस के सेवन करने वालों के लिए मृत्यु दंड या आजीवन कारावास जैसी कठोर सजा का प्रावधान करने की मांग भी रखी गई। संत विशालदास जी महाराज ने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक गायों के लिए पर्याप्त भूमि आवंटित की जानी चाहिए, ताकि गौशालाओं और संरक्षण केंद्रों को मजबूत बनाया जा सके। इसके साथ ही गाय के दूध, गौमूत्र और गोबर के महत्व को देशभर में प्रचारित करने तथा गाय से बने उत्पादों और खाद्य पदार्थों पर सरकारी सब्सिडी सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभर में गौ संरक्षण को लेकर जनजागरण किया जाएगा और सरकार तक इन मांगों को पहुंचाने के लिए आगे भी विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जाएंगे। एवं 27/अप्रैल से 27 जुलाई 26 तक हस्ताक्षर अभियान के रूप में गौ समान बनाया जाएगा इस अभियान में संभाग स्तर पर लगभग 5000 गांवों में हस्ताक्षर अभियान चलाया जायेगा
