इंदौर के 13 वर्षीय मासूम अली की हत्या पर उज्जैन में आक्रोश, गाजी मियां कमेटी ने की राष्ट्रपति से  फांसी की मांग

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) पड़ोसी शहर इंदौर में 13 वर्षीय मासूम अली कादरी की निर्मम हत्या की गूंज अब उज्जैन में भी सुनाई देने लगी है। इस दिल दहला देने वाली घटना के विरोध में और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए शहर की सैयद गाजी मियां इमली वाले बाबा उर्स कमेटी ने गुरुवार को प्रशासन के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति से न्याय की गुहार लगाई है।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और फांसी की मांग
कमेटी के पदाधिकारियों ने उज्जैन कलेक्ट्रेट पहुंचकर भू-अभिलेख अधिकारी माधव मोगरे को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उज्जैन कलेक्टर के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को प्रेषित किया गया है। कमेटी ने मांग की है कि इस जघन्य अपराध का मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। मुख्य आरोपी रेहान और उसका साथ देने वाले सभी परिजनों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दी जाए। समाज में ऐसे दरिंदों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसी घिनौनी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
‘मासूम को वापस नहीं ला सकते, पर न्याय तो दिला सकते हैं’
कमेटी के सचिव जावेद शेख ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा, “एक मां और बाप को उनका मासूम बेटा तो हम वापस नहीं लौटा सकते, लेकिन उनके लिए न्याय की आवाज तो उठा सकते हैं। हमारी पूरी कमेटी ने एक सुर में हत्यारों के लिए फांसी से कम कुछ भी मंजूर न होने की बात कही है।”
क्या है पूरा मामला?
इंदौर के श्रीनगर कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय अली कादरी 30 जनवरी (शुक्रवार) की शाम कोचिंग जाते समय लापता हो गया था। बाद में एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में पलंग पेटी के अंदर उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रेहान और हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने व मदद करने वाले उसके परिजनों को गिरफ्तार किया है।
ये रहे उपस्थित
ज्ञापन सौंपने के दौरान कमेटी के सदर इमरान खान, उस्मान खान, अमीन अब्बासी, जावेद शेख, इरफान खान (लल्ला), इंतिखाब अली, मजहर अंसारी, सुल्तान खान और समीर कुरैशी सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में मासूम अली के लिए इंसाफ की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *