दिन का तापमान बढक़र 33 डिग्री के करीब जा पहुंचा, सताने लगी गर्मी, रात का पारा भी 18 डिग्री के करीब

इंदौर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शहर के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कल दिन का तापमान बढक़र 33 डिग्री के करीब जा पहुंचा। वहीं रात का तापमान भी 18 डिग्री के करीब पहुंचा। तापमान बढऩे के कारण गर्मी सताने लगी है। रात को जो ठंडी हवाएं कुछ समय पहले तक परेशान करती थी, अब वह सुहानी लगने लगी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिन तापमान बढ़ेगा, फिर इसमें गिरावट आएगी।
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसो की अपेक्षा 1.7 डिग्री ज्यादा था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और परसो रात की अपेक्षा 0.3 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी रहा और अधिकतम रफ्तार 22 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी।

4 मार्च से फिर गिरेगा पारा
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि 3 मार्च तक दिन का तापमान 32 डिग्री और रात का 17 डिग्री और इससे ऊपर ही रहेगा। वहीं 4 मार्च से हवाओं का रुख उत्तरी होने के साथ ही तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी। दिन का तापमान घटकर 29 से 30 डिग्री और रात का 13 से 14 डिग्री तक जाने का अनुमान है। दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही रहने के बाद 7 मार्च से एक बार फिर गर्मी जोर पकड़ेगी और पारा 35 डिग्री के आगे नजर आएगा।