चौड़ीकरण मार्ग के मकानों की नपती कर निशान लगाने का कार्य प्रारंभ किया, प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद टेंडर एवं वर्क आर्डर होंगे जारी

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शुक्रवार से नगर निगम ने मकानों पर निशान लगाने का काम शुरू कर दिया हैं। अधिकारियो ने मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों एवं रोप- वे निर्माण कार्य की प्रगति देखने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गाडी अड्डा चौराहे से वी.डी. क्लॉथ मार्केट, के.डी. गेट मार्ग, जूना सोमवारिया होते हुए बड़ी पुलिया तक के चौड़ीकरण कार्य, वी.डी. क्लाथ मार्केट, तेलीवाड़ा, ढ़ाबा रोड़ होते हुए छोटी पुलिया मार्ग का चौड़ीकरण कार्य, खजूरवाली मस्जिद, अब्दालपुरा, रविन्द्रनाथ टैगोर मार्ग, जीवाजीगंज थाने से गणेश चौक चौड़ीकरण कार्य, कोयला फाटक चौराहा से लेकर छत्रीचौक, गोपाल मंदिर तक
चौडीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर निगम के कार्यपालन यंत्री पीयुष भार्गव को सेंट्रल चिन्हांकन, भवनों पर चिन्हांकन एवं कार्य समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्रीमती जयति सिंह एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
 कोयला फाटक मार्ग से निजातपुरा, कंठाल होते हुए गोपाल मंदिर मार्ग तक चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा पूर्व में सेंट्रल मार्किंग का कार्य पूर्ण किया गया। आज चौड़ीकरण मार्ग के मकानों की नपती करते हुए निशान लगाने का कार्य किया गया जिसमें चौड़ीकरण के अंतर्गत कितने मीटर मकान प्रभावित होंगे। उक्त मार्ग 15 मीटर चौड़ा किया जाएगा निशान लगाने की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद टेंडर एवं वर्क आर्डर जारी होने के बाद चौड़ीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। निशान लगाने की कार्यवाही के दौरान भवन अधिकारी दीपक शर्मा, उपयंत्री राजेंद्र रावत, योगिता तंवर, श्वेता सोनी एवं नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।