उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शहर के प्राचीनतम 63वें स्व. ओम अमरनाथ स्मृति दशहरा महोत्सव का आयोजन मंगलवार 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे दशहरा मैदान पर किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बार मैदान पर 101 फीट ऊंचे रावण के विशाल पुतले का दहन किया जाएगा। विशेष बात यह है कि परंपरानुसार दहन से पूर्व रावण का पुतला संवाद भी करेगा।
दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक शिवा ओम खत्री ने बताया कि समारोह में नगर के उभरते क्रिकेटर ऋतिक परब को एक लाख रुपए का ‘स्व. ओम अमरनाथ खत्री सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। ऋतिक ने बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 43 विकेट लेकर राष्ट्रीय कीर्तिमान रचा है। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी के लिए भी चुना गया है।
सवारी पहुंचने पर होगा पूजन और आतिशबाजी
परंपरानुसार श्रावण मास की तरह भगवान श्री महाकालेश्वर की सवारी प्रमुख मार्गों से होते हुए दशहरा मैदान पहुंचेगी। यहां संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह सवारी का पूजन करेंगे। इसके बाद रावण से युद्ध के प्रतीक स्वरूप भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी की सवारी पहुंचने पर एडीजी राकेश गुप्ता और एसपी प्रदीप शर्मा पूजन कर रावण दहन व भव्य आतिशबाजी का शुभारंभ करेंगे। रावण का आकर्षक पुतला रामलखन सिंह कहार द्वारा बनाया जा रहा है, जबकि आतिशबाजी का संयोजन देवास के रशीद खान और ग्वालियर के सीताराम द्वारा किया जा रहा है।
यह अतिथि होंगे शामिल
समारोह समन्वयक डॉ. प्रकाश रघुवंशी ने बताया कि कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा व महेश परमार, महापौर मुकेश टटवाल, निगम सभापति कलावती यादव, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, कांग्रेस शहर अध्यक्ष मुकेश भाटी, भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, वरिष्ठ समाजसेवी नारायण यादव और जिला बैडमिंटन एसोसिएशन अध्यक्ष वैभव यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
महोत्सव का संचालन प्रख्यात व्यंग्यकार डॉ. पिलकेंद्र अरोरा और डॉ. हरीश कुमार सिंह करेंगे। इस दौरान गायक ज्वलंत शर्मा, डॉ. अनामिका शर्मा और अमित शर्मा समूह द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। समिति के गोविंद बबलू यादव, मनीष शिव शर्मा, मुकेश जोशी, अभय यादव, अशोक खत्री, कोमल खत्री, विकास जायसवाल, विशाल सिंह हाड़ा, रिंटू बग्गा, रॉबिन चोपड़ा, निखलेश नारंग, जनार्दन पांडे, स्वामी मुस्कुराके, धीरज पटेल, अभिनव नायर, डॉ. गौरव कक्कड़ और उदयशंकर पांडे आदि ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहकर इस पारंपरिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

–
