अब किन्नरों को मंगलामुखी नाम से पुकारें

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अखिल विश्व गायत्री परिवार ने रविवार को के.डी. गेट के पास स्थित किन्नर आश्रम में जाकर गायत्री महामंत्र लेखन अभियान के साथ जोड़ा। यहाँ से उज्जैन की कोकिला दीदी, प्रीति दीदी, कशिश दीदी, सपना दीदी के साथ राजकुमारी नायक दीदी, राजस्थान बीकानेर की रजनी दीदी, दलोदा की हसीना दीदी, कपासा की नीलम दीदी, अजमेर की पिंकी दीदी, महुआ की रेखा दीदी, व्यावर की किरण दीदी और भरतपुर, जोधपुर दीमाबड़, आबू, से आईं अन्य दीदियां भगवान महाकालेश्वर की नगरी से गायत्री महामंत्र लेखन का संदेश लेकर गईं।
गायत्री परिवार ने अब किन्नरों को उनके मुख से निकलने वाले आशीष मंत्रों को ध्यान में रखते हुए मंगलामुखी नामकरण किया है, जन साधारण से भी अपील है कि मंगलामुखी नाम से पुकारें। यहाँ पर उपस्थित मंगलामुखियों में से करीब 20 ने स्वयं गायत्री महामंत्र लेखन के लिए सहमति दी तथा अन्य सभी ने बधाई के समय घरों में जाकर गायत्री महामंत्र लेखन के लाभ बताकर मंत्र लेखन के लिए प्रेरित करने के लिए सहमति प्रदान की। इस प्रकार बच्चे के जन्म के बाद उसके उज्जवल भविष्य के लिए घरों में गायत्री मंत्र लेखन का काम प्रारंभ हो सकेगा। गायत्री परिवार मनावर की विनीता खंडेलबाल द्वारा दो वर्ष से मंत्र लेखन का वृहद अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत करीब तीन लाख पचहत्तर हजार मंत्र लेखन पुस्तिकाओं का वितरण किया जा चुका है आप भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं। गायत्री परिवार उज्जैन की उर्मिला प्रह्लाद सिंह तोमर द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। डॉ. विनय तिवारी, रमेशचंद्र लेवे, एम.एल. रणधबल, उर्मिला तोमर, सुनीता खंडेलवाल ने उज्जैन की प्रधान मंगलामुखी कोकिला देवी का सम्मान किया। देवेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ने सभी के द्वारा इस महान अनुष्ठान में सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया है।