कन्या को कुशल बनाकर सुसंस्कृत राष्ट्र बनाने के लिए कन्या कौशल शिविर,180 कन्याओं को मार्गदर्शन किया

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) इन दिनों शिक्षक, चिकित्सक, अभिभाषक, अभियंता आदि सभी व्यवसायों के लिए प्रशिक्षण संस्थान चल रहे हैं। लेकिन पहली गुरु माता के शिक्षण-प्रशिक्षण की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। भावी माताओं को प्रशिक्षित करने के लिए कन्या कौशल शिविर का आयोजन गायत्री परिवार द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। इसी श्रंखला में 1 से 3 जनवरी तक उज्जैन जिले में माकड़ौन में तीन दिवसीय आवासीय कन्या कौशल शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में आईं 180 कन्याओं को भारतीय संस्कृति के संरक्षण संबर्धन के लिए अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार होने के लिए उपयोगी सूत्र दिए गए। इनमें गायत्री महामंत्र, योग, आत्मरक्षा, स्वास्थ्य प्रबंधन, यज्ञ का ज्ञान विज्ञान और यज्ञोपैथी, षोडश संस्कार विवेचन, जीवन प्रबंधन, मोबाइल फोन का सही उपयोग, परिवार प्रबंधन, गुरुदेव के जीवन के प्रेरणा प्रसंग और गुरुदेव की हमसे अपेक्षाएं आदि विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन किया गया।
गायत्री महिला मंडल माकड़ौन द्वारा संचालित इस आयोजन में नीति टंडन, शैल बाला पाटीदार, राधेश्याम गामी ने विशिष्ट व्याख्यान दिए। विदाई के साथ कन्याओं को देव स्थापना चित्र, गायत्री मंत्र लेखन पुस्तिका, गायत्री यज्ञ विधि पुस्तिक के साथ शिविर में दिए गए मार्गदर्शन को जीवन में अपने का संकल्प दिलाया गया। इसके तहत यह कन्याएं घर में प्रतिदिन योगाभ्यास, यज्ञ, गायत्री मंत्र लेखन और अपने क्षेत्र में बाल संस्कार शाला का संचालन करेंगी।