उज्जैन इंवेस्टर्स समिट तथा उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेले की तैयारियां तेज गति से जारी, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया स्थलों का मुआयना 

उज्जैन 20 फरवरी।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) उज्जैन में एक और 2 मार्च को भव्य स्तर पर इंवेस्टर्स समिट का आयोजन किया जायेगा। वहीं उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेले का आयोजन एक मार्च से 9 अप्रैल तक होगा। साथ ही एक मार्च से 9 अप्रैल तक भव्य स्तर पर विक्रमोत्सव का आयोजन भी किया जायेगा। इन तीनों आयोजनों की तैयारियां तेज गति से अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। तैयारियों का मुआयना आज कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ किया। कलेक्टर ने तैयारियों का जायजा लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को तीनों आयोजनों की सम्पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। समय पर सम्पूर्ण व्यवस्था की जाये और आयोजन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बेरिकेटिंग, पार्किंग स्थल पर व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। आगामी महाशिवरात्रि पर्व पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के द्वारा श्री महाकालेश्वर मन्दिर में भगवान महाकाल के दर्शन उपरांत अधिकांश दर्शनार्थी श्री कालभैरव मन्दिर भी दर्शन के लिये जाते हैं। इसी कड़ी में अधिकारियों ने तीनों आयोजनों के बाद कालभैरव मन्दिर की व्यवस्था के सम्बन्ध में निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने सर्वप्रथम दशहरा मैदान एवं पीजीबीटी कॉलेज परिसर पर उज्जयिनी विक्रम व्यापार मेले की तैयारियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सम्बन्धितों को निर्देश दिये कि मेले में आने वाली कंपनियों आदि व्यवसाईयों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इस मेले में मुख्य आकर्षण ऑटोमोबाईल सेक्टर से क्रय किये जाने वाले वाहनों के आरटीओ पंजीयन पर छूट रहेगी। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त श्री आशीष पाठक ने बताया कि दशहरा मैदान में 178 दुकानें लगाई जायेंगी। इनमें 127 ऑटोमोबाईल्स, 20 फूड, 21 इलेक्ट्रॉनिक एवं 10 स्टाल विभिन्न बैंकों के रहेंगे। इसी तरह पीजीबीटी कॉलेज परिसर में 214 दुकानें रहेंगी। इनमें 180 दुकानें विभिन्न हस्तशिल्प आदि, 20 झूले और 14 फूड की दुकानें रहेंगी।
इसके बाद अधिकारियों ने कालिदास अकादमी परिसर का अवलोकन करने के पश्चात पॉलीटेक्निक महाविद्यालय परिसर के खेल मैदान का निरीक्षण कर सम्बन्धित अधिकारियों को कार्यक्रम से सम्बन्धित व्यवस्थाओं के बारे में दिशा-निर्देश दिये। उज्जैन इंवेस्टर्स समिट का आयोजन इंजीनियरिंग कॉलेज के समीप परिसर में किया जायेगा। अधिकारियों ने वहां पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और एमपीआईडीसी के क्षेत्रीय कार्यालय के कार्यकारी संचालक राजेश राठौर ने की जा रही तैयारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अवगत कराया कि प्रस्तावित कार्यक्रम अनुसार एक मार्च को प्रात: से पंजीयन प्रारम्भ होगा। उसके बाद उज्जैन इंवेस्टर्स समिट का उद्घाटन सत्र होगा। इसके बाद दोपहर में एमएसएमई और स्टार्टअप, मप्र में निवेश के अवसर पर सत्र आयोजित होंगे। इसके बाद उद्योगपतियों के साथ बैठक आयोजित होगी। इसी तरह 2 मार्च को प्रात: बायर-सेलर मीट का आयोजन व विषयगत सत्र का आयोजन होगा। इसके बाद टूरिज्म पर धार्मिक पर्यटन पर फोकस और फिल्म निर्माण उपकरणों का प्रस्तुतिकरण दिया जायेगा। दोपहर में फार्मास्युटिकल और मेडिकल डिवाइस के अवसर और चुनौतियों पर चर्चा सत्र का आयोजन किया जायेगा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी के साथ जिला पंचायत सीईओ मृणाल मीना, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, एडीएम अनुकूल जैन, एएसपीद्वय तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।