नौतपा के आठवे दिन भी खूब तपा मध्य प्रदेश, छतरपुर का बिजावर 47 डिग्री रहा सबसे गर्म और उज्जैन में तापमान 40.8 डिग्री दर्ज

भोपाल।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) राजस्थान और गुजरात की तरफ से लगातार आ रही गर्म हवाओं के प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी एवं पूर्वी क्षेत्र के शहरों में भीषण गर्मी का दौर जारी है। शनिवार को नौतपा के आठवा दिन भी मध्यप्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे रहे।

 

देश में सबसे अधिक तापमान छतरपुर के बिजावर में 47.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शिवपुरी में तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। तीसरा सबसे गर्म शहर निवाड़ी का पृथ्वीपुर रहा। यहां तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि, कुछ क्षेत्रों में गर्मी के तीखे तेवरों से कुछ राहत मिली है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक अगले दो दिन तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। नौतपा की समाप्ति (दो जून) के साथ ही प्रदेश में मानसून पूर्व की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इस दौरान धूल भरी आंधी चलने और गरज-चमक की स्थिति बनेगी, जिससे लू से राहत मिलेगी।

प्रदेश में सबसे अधिक 47.1 डिग्री सेल्सियस तापमान छतरपुर के बिजावर में दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश के 12 शहरों में अधिकतम तापमान 45 से लेकर 47.1 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। प्रदेश के टॉप-10 गर्म शहरों में खजुराहो, दतिया, सिंगरौली, नौगांव, सीधी, ग्वालियर और सतना भी शामिल हैं। खजुराहो में 46.5 डिग्री, दतिया में 46.4 डिग्री, सिंगरौली में 46.3 डिग्री, नौगांव में 46 डिग्री, सीधी में 45.8 डिग्री, ग्वालियर में 45.7 डिग्री और सतना में पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। इन जिलों में लू भी चली।

प्रदेश का एक मात्र पचमढ़ी में अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री रहा। बाकी शहरों का तापमान 40 डिग्री के पार ही दर्ज किया गया। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 42.4 डिग्री, इंदौर में 40.6 डिग्री, जबलपुर में 43.7 डिग्री और उज्जैन में तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि राजस्थान और गुजरात की तरफ से आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में भीषण गर्मी पड़ रही है, लेकिन दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र में लू से राहत मिल गई है। मौसम का यह मिजाज दो दिन और बना रह सकता है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में कुछ कमी दर्ज की जाएगी। दो जून के बाद प्रदेश में मानसून की पूर्व की गतिविधियों में भी तेजी आने की संभावना है। हवा के साथ नमी आने से प्रदेश के कई जिलों में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ गरज-चमक होगी। कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने से लू से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है।