उज्जैन 3सितंबर।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के पावन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर उज्जैन में भव्य एवं आकर्षक आयोजन किए जा रहे है। श्री राधा कृष्ण पारमार्थिक सेवा ट्रस्ट एवं मध्यप्रदेश यादव (अहीर) समाज के संयुक्त तत्वावधान में 4 सितंबर को भव्य श्रीकृष्ण जन्माष्टमी चल समारोह निकाला जाएगा। चल समारोह में भगवान श्रीकृष्ण बाल स्वरूप में सुसज्जित पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण करेंगे। चल समारोह का शुभारंभ 4 सितंबर को सुबह 10 बजे टॉवर चौक स्थित छोटा गोपाल मंदिर से होगा। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ प्रारंभ होने वाला यह चल समारोह शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगा। समारोह में यादव-अहीर समाज के साथ ही सनातन धर्मी सर्व समाज के श्रद्धालु एवं समाजजन शामिल होंगे।
मध्यप्रदेश यादव (अहीर) महासभा के नगर अध्यक्ष श्री नारायण यादव (दादा)ने बताया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी चल समारोह में भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी झांकी के साथ बैंड-बाजे, डीजे, ताशा पार्टी, अखाड़े, हाथी-घोड़े, रास दल के सदस्य, भजन मंडली एवं नृत्य दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पूरे मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण के भजनों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा। आयोजन को भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए समाजजनों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही है। इस वर्ष भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पर्व बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी चल समारोह में भगवान श्रीकृष्ण बाल स्वरूप में
पालकी में विराजित होकर नगर भ्रमण करेंगे। यह आयोजन समाज के साथ-साथ सर्व समाज की सहभागिता से भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगा चल समारोह
नगर अध्यक्ष नारायण यादव ने बताया कि चल समारोह टॉवर चौक स्थित छोटा गोपाल मंदिर से भगवान बाल गोपाल के पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ होकर चामुंडा माता मंदिर, देवास गेट, मालीपुरा, दौलतगंज, इंदौरगेट होते हुए हरिफाटक ब्रिज से अर्थव होटल परिसर पहुंचेगा, जहां चल समारोह का समापन होगा। समापन अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। इसके पश्चात बच्चों के सम्मान का के साथ ही समाज जनों के लिए फलाहारी प्रसादी की व्यवस्था रहेगी।
6 सितंबर को होगा भव्य नंद उत्सव
जन्माष्टमी पर्व आयोजन की कड़ी में 6 सितंबर, रविवार को नंद उत्सव का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।नंद उत्सव का आयोजन देवास रोड स्थित होटल आश्रय के सामने शर्मा परिसर में दोपहर 2 बजे से होगा। नंद उत्सव में भगवान श्रीकृष्ण का पालना झुलाने, छप्पन भोग अर्पण, महाआरती और भजन-कीर्तन सहित अनेक धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समाज की बालिकाओं द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं प्रसंगों पर आधारित मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही श्रीमद्भगवद्गीता के 12वें अध्याय ‘भक्ति योगÓ के श्लोकों का पाठन एवं व्याख्यान भी होगा। मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जो नंद उत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा। नंद उत्सव आयोजन में समाज की महिला सदस्यों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण का आह्वान करते हुए महारास की मनोहारी प्रस्तुति दी जाएगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के पश्चात आरती और महाप्रसादी का आयोजन होगा। नगर अध्यक्ष श्री यादव ने यादव-अहीर समाज के सभी बंधुओं से परिवार सहित जन्माष्टमी चल समारोह और नंद उत्सव के आयोजन में शामिल होकर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने का आह्वान किया है।
