उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व बेला में मयूर पार्क विक्रम वाटिका में ‘एक कदम स्वस्थ वृद्धावस्था की ओर’ विषय पर अनूठे लाठी योग और प्राणायाम का आयोजन किया गया। ब्रह्मयोग फिट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर मुकेश टटवाल ने कहा कि भारत के हठयोग के कारण पूरा विश्व निरोग बन रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं है, बल्कि शरीर से मन और आत्मा तक पहुंचने की एक यात्रा है। उन्होंने उपस्थित लोगों को संदेश दिया कि अपनी सेहत और व्यायाम से प्रेम करें, वरना आप किसी से भी प्रेम करने लायक नहीं रहेंगे।
लाठी और चुनरी योग का हुआ उत्कृष्ट प्रदर्शन
कार्यक्रम में योगाचार्य प्रीति जैन बम्बोड़ी ने लाठी के माध्यम से कटि चक्रासन, अर्ध उत्तानासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, पर्वतासन और अश्व संचालन जैसे उपयोगी आसन करवाए। इसके जरिए शरीर का संतुलन, लचीलापन, रीढ़ की मजबूती और मानसिक शांति के गुर सिखाए गए। वहीं शिवोहम योग संस्था द्वारा पायल खेमानी और डॉ. सविता पांडे के मार्गदर्शन में चुनरी योग का बेहतरीन प्रदर्शन किया गया। 6 वर्षीय बालिका युगांशी व्यास ने योग की सुंदर प्रस्तुति दी, जबकि ब्रह्म योग फिट की बालिकाओं युगांशी, एकांशी, भव्या, पूर्वी, पीहू और प्रिंसी ने अद्भुत योग नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
योगाचार्यों को योग गुरु की उपाधि
कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति राजेश अग्रवाल ने की और विशेष अतिथि वरिष्ठ पत्रकार प्रमोद व्यास थे। इस अवसर पर उज्जैन शहर के विभिन्न स्थलों पर योग केंद्र संचालित करने वाले योगाचार्य शैलजा रिछारिया, रघुवीर पटेल, गिरधारी शर्मा, संगीता शर्मा, शैलेंद्र सिंह चौहान, डॉ. रामेश्वर पांडेय, बृजमोहन शर्मा, मीनाक्षी शर्मा और ज्योत्सना व्यास को योग गुरु की उपाधि से अलंकृत कर सम्मानित किया गया।
इन्होंने किया स्वागत और संचालन
अतिथियों का स्वागत योगाचार्य प्रीति जैन बम्बोड़ी, मंजू यादव, रचना चौहान, चेतन राठौर और नीरज यादव ने किया। योग शिविर का सफल संचालन हास्य गुरु स्वामी मुस्कुराके शैलेंद्र व्यास ने किया और अंत में आभार प्रदर्शन संजय बम्बोड़ी ने किया।
