उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) शासकीय माधव विज्ञान महाविद्यालय की 2 मप्र बटालियन एनसीसी के चार कैडेट्स का अग्निवीर में चयन हुआ है। महाविद्यालय परिवार द्वारा चयनित कैडेट्स अभिषेक चौहान, यशपाल सिंह राठौर, दीपेंद्र राय और ब्रजराज पाटीदार का सम्मान किया गया।
प्राचार्य डॉ. हरीश व्यास ने इस उपलब्धि को कैडेट्स के अथक परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कैडेट्स ने परिवार, महाविद्यालय और एनसीसी की परंपरा को गौरवान्वित किया है। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. आरके तिवारी ने कहा कि यह सफलता दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और समर्पण से युवा राष्ट्रीय सुरक्षा व विकास में अहम योगदान दे सकते हैं। एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. प्रमिला बघेल ने कैडेट्स का सम्मान कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपनी सफलता पर कैडेट्स ने 2 मप्र बटालियन के कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव थापा और लेफ्टिनेंट डॉ. प्रमिला बघेल के मार्गदर्शन को श्रेय दिया। लेफ्टिनेंट कर्नल थापा ने कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। चयनित कैडेट्स सशस्त्र बलों में सेवाएं देकर राष्ट्र की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
कार्यक्रम में डॉ. शशि जोशी, डॉ. केके कुंभकार, सूबेदार मेजर हनुमत सिंह सहित पीआई स्टाफ और एनसीसी कैडेट्स उपस्थित थे।
