टीनशेड की दीवार ढहने से तीन लोगों की मौत,तेज आंधी कहर ने बड़ा हादसा कर दिया 

श्योपुर।.(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्योपुर जिले में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी ने बड़ा हादसा कर दिया। आवदा थाना क्षेत्र की आदिवासी बस्ती सूसवाड़ा में टीनशेड की दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में दो महिलाएं हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

टीनशेड में बैठा था परिवार
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े तीन से चार बजे के बीच अचानक तेज आंधी चली। उस समय सूसवाड़ा गांव में एक परिवार के सदस्य भीमा आदिवासी, रिंकू आदिवासी, सीमा आदिवासी और राजवती आदिवासी अपने टीनशेड के नीचे बैठे हुए थे। आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि टीनशेड की लोहे की चादरें उखड़ गईं और पूरी दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी।

मलबे में दबने से भीमा आदिवासी, सीमा आदिवासी और राजवती आदिवासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रिंकू आदिवासी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों और नुकसान का आकलन करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *