भये प्रगट कृपाला’ के जयघोष के साथ मना राम जन्मोत्सव,ढोलक-मंजीरों की थाप के बीच दोपहर 12 बजे हुई महाआरती

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) श्री मौनतीर्थ पीठ में रामनवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। महामंडलेश्वर स्वामी डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज के सानिध्य में भगवान का महाभिषेक और विधि-विधान से पूजन किया गया।
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस अनुष्ठान के बाद भगवान श्रीराम की भव्य महाआरती की गई। आयोजन में शामिल होने के लिए मुंबई, उल्हासनगर, सूरत और अहमदाबाद सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही पीठ परिसर में भक्तों का आना शुरू हो गया था।
अनुष्ठान के पश्चात स्वामीजी के सानिध्य में आध्यात्मिक चर्चा का आयोजन किया गया। इसमें उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके बाद उपस्थित सभी भक्तों ने सामूहिक रूप से राम ध्यान किया, जिससे वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। कार्यक्रम का समापन भोजन प्रसादी वितरण के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।
—————————————————————————————————————————————————————-
उज्जैन। क्षीर सागर स्थित मानस भवन में रामनवमी के अवसर पर राम जन्मोत्सव भारी उत्साह के साथ मनाया गया। दोपहर 12 बजे मानस महिला भजन मंडली और सैकड़ों भक्तों ने झांझ, मंजीरे व ढोलक के साथ ‘भये प्रगट कृपाला दीनदयाला कौशल्या हितकारी’ का जयघोष कर जन्मोत्सव मनाया।
इस अवसर पर मानस भवन के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में उपस्थित भक्तों ने पं. संतोष शर्मा के साथ भगवान की महाआरती की। उक्त जानकारी दिनेश सुखनंदन जोशी ने दी।
——————————————————————————————————————————————————————
प्रकटेश्वर महादेव मंदिर के श्री राम दरबार में मनाया श्री राम जन्मोत्सव
प्रातः काल भगवान का अभिषेक और पूजन, दोपहर 12 बजे हुई जन्म आरती
उज्जैन। शहर के फ्रीगंज स्थित श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्थापित श्री राम दरबार में शुक्रवार, 27 मार्च को राम नवमी के अवसर पर श्री राम जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया।
मंदिर के पुजारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि वर्ष 1995 में स्थापित इस श्री राम दरबार में जन्मोत्सव का आयोजन श्री शिव विष्णु समिति द्वारा फ्रीगंज के रहवासियों के जन सहयोग से किया गया। आयोजन के तहत प्रातः काल भगवान का अभिषेक और पूजन संपन्न हुआ। इसके पश्चात मध्याह्न 12 बजे भगवान श्री राम की जन्म आरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम श्री शिव विष्णु समिति द्वारा जन सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
—————————————————————————————————————————————————————-