उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अर्ली मॉर्निंग वॉकिंग ऑर्गेनाइजेशन द्वारा समाजसेवी स्वर्गीय जगदीश नारंग की स्मृति में 12वां हरियाली महोत्सव मनाया गया। ‘एक पौधा पिता के नाम’ अभियान के तहत विक्रम विश्वविद्यालय क्षेत्र में आम, पीपल और नीम सहित 101 पौधे रोपे गए। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड भी लगाए गए।
समारोह के मुख्य अतिथि हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मिश्रीलाल चौधरी थे। अध्यक्षता पाणिनि संस्कृत वैदिक विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. दिलीप सोनी ने की। मुख्य अतिथि चौधरी ने कहा कि लोक जीवन में नदी मन, पहाड़ मित्र और धरती हमारी मां है। वन हमारी मुस्कान का आधार हैं, इसलिए हर व्यक्ति को अपने पिता के नाम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। डॉ. सोनी ने कहा कि सृष्टि का अस्तित्व प्रकृति की समृद्धि पर आश्रित है। औद्योगिक क्रांति ने उपजाऊ मिट्टी को भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसे सहेजना अब बेहद आवश्यक है।
संस्था के संरक्षक सुमित नारंग ने कहा कि श्रद्धा भाव से पर्यावरण रक्षा का संकल्प ही प्रकृति की असली हरियाली है। कार्यक्रम का संचालन करते हुए शैलेंद्र व्यास स्वामी मुस्कुराके ने कहा कि महाकालेश्वर उज्जैन का तन और शिप्रा मन है। हरियाली की सुगंध से ही वातावरण आनंदित रहता है और तन-मन स्वस्थ रहते हैं।
आभार प्रदर्शन वरिष्ठ पत्रकार कमलेश जाटवा ने किया। इस अवसर पर राजेश भदौरिया बंटी, योगेश जोशी, अनिल बारोड़, दयाल वाधवानी, डॉ. संदीप तिवारी, महिपाल सिंह, मनोहर राव जाधव, कुमुद शर्मा, सत्य प्रकाश पाटीदार, सोनू हरभजनका, धर्मेंद्र लालवानी, रमेश चंद्र सिरवैया, जुझार सिंह, रामचंद्र मंडोर, कैलाश पांचाल, वीरेंद्र दभाड़े, राकेश तिवारी, सुभाष पाटीदार और राम सहाय ठाकुर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
