उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) उज्जैन संयुक्त ब्राह्मण सामाजिक कल्याण समिति के तत्वावधान में मंगलवार, 17 मार्च को सांवरिया सेठ मंदिर परिसर में भव्य फाग उत्सव का आयोजन किया गया। शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक चले इस आयोजन में होली और कृष्ण भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम में ब्राह्मण समाज के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे समय पारिवारिक उल्लास की झलक देखने को मिली।
महाआरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं आकर्षण
उत्सव में भगवान सांवरिया सेठ की महाआरती का सौभाग्य ज्योतिषाचार्य पंडित श्रवण अग्निहोत्री को प्राप्त हुआ। भजनों की प्रस्तुति के दौरान बाल कलाकारों ने राधा-कृष्ण के स्वरूप में मनमोहक नृत्य कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, कनिका तिवारी और अदिति तिवारी ने अपनी सुरीली आवाज और आकर्षक नृत्य से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की लय पर उपस्थित समाजजन खुद को रोक नहीं सके और मंच के सामने झूमते नजर आए।
बटुकों ने किया स्वागत, प्रस्तुत किया गया प्रतिवेदन
इससे पूर्व, मुख्य द्वार पर बटुकों द्वारा समाजजनों का तिलक कर व दुपट्टा पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। मंचासीन अतिथियों का सम्मान शॉल, श्रीफल, मोती माला और दुपट्टा भेंटकर किया गया। इस दौरान अतिथियों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के मध्य में रेखा भार्गव ने समिति की स्थापना से लेकर अब तक की सामाजिक गतिविधियों का विस्तृत विवरण उपस्थित जनसमूह के समक्ष रखा।
संस्था के मीडिया प्रभारी राज जोशी ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में अजय शंकर तिवारी, मुकेश उपाध्याय, अजय पांडेय, राजेश शर्मा, रेखा भार्गव और ललिता तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भोजन प्रसादी, जल व्यवस्था और स्थल प्रबंधन में प्रवीण पंड्या सहित अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन रेखा भार्गव ने किया तथा आभार ललिता तिवारी ने माना। अंत में सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ भव्य फाग उत्सव का समापन हुआ।
