गुजरात ,कर्नाटक के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी स्कूली बच्चे पढ़ेंगे भगवद गीता

मंडी।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) गुजरात सरकार के बाद अब हिमाचल प्रदेश में सभी स्कूलों में ‘श्रीमद भगवद गीता’ एक विषय के रूप में पढ़ाई जाएगी। यह जानकारी शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने पधर में आयोजित जनमंच को  संबोधित करते हुए दी। शिक्षा मंत्री कहा कि विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से परिचित कराने और नैतिक बल देने के उद्देश्य से गीता को पढ़ाने का निर्णय लिया गया है। स्कूलों में गीता की पढ़ाई संस्कृत और हिन्दी भाषा में होगी।

बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में अब कक्षा 9 से सभी छात्रों को ‘श्रीमद भगवद गीता’ भी पढ़ाई जाएगी। इस बात की जानकारी राज्य के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने रविवार को दी। खास बात है कि इससे पहले गुजरात के स्कूल सिलेबस में भगवद गीता को शामिल किया गया था। खास बात है कि दोनों राज्यों में साल के अंत तक विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।ठाकुर ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कक्षा 9 से सभी छात्रों को भगवद गीता पढ़ाई जाएगी।’
विदित हो कि 17 मार्च को गुजरात के शिक्षा मंत्री जीतू वघानी ने कहा था कि कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक के छात्रों के लिए भगवद गीता को स्कूल सिलेबस के हिस्से के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी स्कूली पाठ्यक्रम में भगवद गीता को शामिल करने की इच्छा जताई थी।