बेहद सुकून देने वाली खबर अब नहीं बढ़ेंगे डीजल के दाम,- सब्जियां, फल, दूध और राशन के दाम रहेंगे नियंत्रण में 

नई दिल्ली:(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का गणित जब भी बिगड़ता है, तो आम आदमी की धड़कनें तेज हो जाती हैं. मन में सबसे पहला डर यही बैठता है कि कहीं फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम न बढ़ जाएं और घर का पूरा बजट न हिल जाए. लेकिन, इस बार उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद सुकून देने वाली खबर सामने आई है. तेल रिटेल कंपनियों ने आम जनता को महंगाई की मार से बचाने की पूरी तैयारी कर ली है. इकोनॉमिक्स टाइम्स की एक खबर के मुताबिक, ग्राहकों को महंगाई की आंच से बचाने के लिए कंपनियां अब रिफाइनरियों से भारी छूट पर डीजल खरीद रही हैं.

दरअसल, जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल महंगा होता है, तो मार्केटिंग कंपनियां अपना नुकसान बचाने के लिए इसका सीधा बोझ ग्राहकों पर डाल देती हैं. लेकिन इस बार स्थिति को अलग तरीके से संभाला जा रहा है. भारतीय ईंधन खुदरा विक्रेता इन दिनों रिफाइनरी कंपनियों से सीधे रियायती दरों पर डीजल उठा रहे हैं. इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों का साफ कहना है कि इस कदम का एकमात्र लक्ष्य ग्राहकों को किसी भी संभावित ‘प्राइस हाइक’ (कीमतों में बढ़ोतरी) के झटके से बचाना है. तेल विक्रेता कंपनियां खुद इस दबाव को सोखने की कोशिश कर रही हैं, ताकि देश में ईंधन के दाम स्थिर रहें और आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ न पड़े.

इस पूरी प्रक्रिया के पीछे एक नया बिजनेस फॉर्मूला काम कर रहा है. जानकारी के मुताबिक, ईंधन की कीमतों को तय करने के लिए अब एक नया तंत्र (प्राइसिंग मैकेनिज्म) अपनाया गया है. यह नया फॉर्मूला पूरी तरह से भारत के ‘क्रूड इंपोर्ट प्राइस’ (कच्चे तेल के आयात मूल्य) पर आधारित है. इसका सीधा मतलब यह है कि हमारा देश जिस औसत कीमत पर विदेशों से कच्चा तेल खरीदकर भारतीय बंदरगाहों तक लाएगा, उसी आधार पर आगे की कीमतों का गणित तय होगा. यह एक बहुत ही पारदर्शी तरीका है, जो बाजार में स्थिरता लाने में मदद कर रहा है.

अर्थव्यवस्था के नजरिए से डीजल सिर्फ एक ईंधन नहीं है, बल्कि यह पूरी महंगाई को कंट्रोल करने वाला एक अहम टूल है. भारत में ट्रकों से लेकर भारी माल ढुलाई और खेती के उपकरणों में डीजल का ही इस्तेमाल होता है. अगर खुदरा कंपनियां डिस्काउंट पर डीजल खरीदकर पंपों पर दाम स्थिर रखने में कामयाब होती हैं, तो इसका सीधा असर ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट (माल ढुलाई के खर्च) पर पड़ेगा. माल ढुलाई महंगी नहीं होगी, तो मंडियों में पहुंचने वाली सब्जियां, फल, दूध और राशन के दाम भी नियंत्रण में रहेंगे. यानी, तेल कंपनियों का यह व्यावसायिक कदम सीधे तौर पर आपकी रसोई का खर्च बढ़ने से रोक रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *