प्रहर समाज जागृति संस्था की छात्राओं ने मुख्य अतिथि कर्नल लवलीना सहित आर्मी पोस्टल सर्विस के जवानों को राखी बांधी। इस आयोजन में नागपुर के 30 से अधिक शिक्षण संस्थाओं ने उनकी संस्थाओं द्वारा बनाई गई राखियां भी फौजियों के लिए सौंपी। यह राखियां दूर दराज क्षेत्रों में जहां पर सैनिक विषम परिस्थितियों में अपने कर्तव्य का पालन कर रहे हैं, वहां पर भेजी जाएंगी। उनको यह राखियां अहसास दिलाएंगी कि वह अकेले नहीं हैं, पूरा देश उनके पीछे है, पूरा देश उनका परिवार है।
इस दौरान कर्नल लवलीना ने कहा कि इस संस्था द्वारा गत वर्ष की तुलना में 50,000 अधिक राखियां भेजी जा रही हैं। यह राखियां सैनिकों को देश की रक्षा करने के लिए प्रेरित करती हैं। यह राखी हमारे देश की रक्षा करने का दायित्व प्रदान करती है। उन्होंने आगे कहा कि राखियां फौजियों तक पहुंचाने का दायित्व उन्हें दिया गया है, वह अच्छे तरीके से फौजियों तक यह राखियां, राखी से पहले पहुंचा देंगीं।
प्रहर समाज जागृति संस्था की सचिव रिटायर्ड फ्लाइट लेफ्टिनेंट शिवाली देशपांडे ने बताया कि 3 लाख राखियों के साथ-साथ प्रहर के विद्यार्थियों ने देश के जवानों के लिए कुछ संदेश भी भेजे हैं। कई बार सैनिकों को छुट्टी नहीं मिलती और वह रक्षाबंधन पर घर जाकर अपने परिवार के साथ राखी नहीं बंधवा पाते, इसलिए यह राखियां संस्था के बच्चे भेजते हैं। संस्थान का लक्ष्य है कि अगले वर्ष तीन लाख की संख्या को बढ़ाकर 4 लाख राखियां किया जाए।