उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) रंगपंचमी के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी स्वर्णिम भारत मंच द्वारा मालवी रापट रोलिया का आयोजन द्वारकाधीश भगवान श्री कृष्ण के आंगन में किया गया। मथुरा वृंदावन की होली उज्जैन में खेली गई, रंग फुहार, गुलाल उड़ी, बच्चे, युवा, युवती जमकर थिरके, उज्जैन वासियों ने यहां गुलाल की होली खेली, कृष्ण भक्ति की।
स्वर्णिम भारत मंच के अध्यक्ष दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि रापट रोलिया में देशी टमाटर, मुल्तानी मिट्टी और फूलों के रंगों से होली खेली। आयोजन में सिंधिया देवस्थान ट्रस्ट गोपाल मंदिर परिवार का महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हुआ। गोपाल मंदिर प्रशासक अजय धाकरे ने हर्ष जताया कि रंगपंचमी महोत्सव हम लोग स्वर्णिम भारत मंच के सहयोग से बड़ी धूम धाम से मनाते है। कार्यक्रम संयोजक जेकी ठाकुर ने बताया कि गोपाल मंदिर पर अनूठे रापट रोलिया में हजारों शहरवासी सम्मिलित हुए। स्वर्णिम भारत मंच के प्रयासों से एक दशक पूर्व रंगपंचमी को मालवी रापट रोलिया शुरू किया गया था। 10 वर्ष पूर्ण होने के बाद मेहनत अब साकार होने लगी। अब गोपाल मंदिर पर नगर गैर का समापन होने से और उत्साह बढ़ रहा है। शहर वासियों को मथुरा वृंदावन की तरह उज्जैन में भी होली खेलने का आनंद मिला। वृंदावन की तरह शहरवासियों ने होली खेली और स्वर्णिम भारत मंच के द्वारा नगर गैर का भी स्वागत किया गया।
पुराना इतिहास
पुराने लोग बताते थे कि 40 साल पहले गोपाल मंदिर पर होली का भव्य आयोजन होता था लेकिन धीरे धीरे लोग पुराना शहर छोड़कर नए शहर में लोगों ने आयोजन शुरू कर दिए जिससे भगवान श्री कृष्ण का आंगन सुना हो गया था। रापट रोलिया से द्वारकाधीश भगवान श्री कृष्ण का आंगन फिर से रंगों से सरोबोर होने लगा है।
सादगीपूर्ण रहा रापट रोलिया
गोपाल मंदिर के आंगन में सादगीपूर्ण रंगपंचमी मनाई गई। रमजान महीने में आया यह उत्सव थाना खाराकुआ तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण तरीके से मनाया गया। गोपाल मंदिर से स्वर्णिम भारत मंच ने गैर का स्वागत किया, महापौर ने भी सभी का आभार माना।
—————————————————————————————————————————————————————————————-
रंग बिरंगी गुलाल, फूलों से खेली होली, फाग गीतों पर दिव्यांगों के पैर भी थिरके
दिव्यांग फाउंडेशन के होली मिलन समारोह में हुआ फ़ाग उत्सव
उज्जैन। दिव्यांग फाउंडेशन उज्जैन द्वारा मानसिंह राही उद्यान रविशंकर नगर में होली मिलन समारोह एवं फ़ाग उत्सव का आयोजन किया।
सरस्वती वन्दना के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं पूर्व निगम सभापति प्रकाश चित्तौड़ा द्वारा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग के जॉइंट डायरेक्टर सतीश सोलंकी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से विधिक सहायता अधिकारी चंद्रेश मंडलोई, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र से प्रशासनिक अधिकारी सुनील खुराना एवं वार्ड 29 पार्षद रामेश्वर दुबे रहे। संचालन अमित राठौर द्वारा किया गया।
मन्दसौर की बजरंग सत्संग पार्टी द्वारा ब्रज की होली पर आधारित फ़ाग गीतों की प्रस्तुति दी। मंदसौर के प्रसिद्ध कथा वाचक भगवती प्रसाद सुहाना एवं राजस्थान के प्रसिद्ध गायक सीताराम द्वारा गाए सुमधुर भजन ने मंत्रमुग्ध कर दिया। अद्भुत ढोलक की थाप पर ईश्वरजी एवं ऑक्टो पेड पर ग्राम जलावा के विनोदजी एवं मंजीरे पर जीवन सुहाना ने दर्शकों के साथ साथ दिव्यांगजनों के भी पैर थिरकने पर मजबूर किया। साथ ही सभी गणमान्य जनों ने दिव्यांगों के साथ रंग बिरंगी गुलाल लगाकर एवं फूलों से खेलकर होली का पर्व मनाया। अतिथि स्वागत संस्था के कमल सोलंकी, दीपक मीणा, शैलेन्द्र गोठवाल, शहजाद पटेल, नवीन वर्मा, अनिल सैनी, केतकी ओझा, मंजू मीणा, कुंवरपाल दोहरे एवं सूरजपाल चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थापक वर्षा गोस्वामी, निर्मल बोड़ाना, रूपेश बोड़ाना, तनूजा मीणा, कपिल त्रिवेदी, जितेंद्र परमार, द्वारकाधीश दुबे, हर्ष वर्धन दोहरे एवं ललित परमार रहे। आभार संस्था अध्यक्ष राजकुमार दोहरे ने माना।
