कनाडा में उज्जैन के छात्र की हत्या: आपसी विवाद में युवकों ने किया हमला, मुख्यमंत्री ने गहरी संवेदना व्यक्त की

उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए उज्जैन के एक छात्र गुरकीरत सिंह मनोचा की वहां हत्या कर दी गई है। 14 मार्च 2026 को कनाडा के फोर्ट सेंट जॉन, ब्रिटिश कोलंबिया में कुछ युवकों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान गुरकीरत पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
गुरकीरत सिंह, पुत्र श्री गुरजीत सिंह मनोचा, लगभग सवा वर्ष पूर्व उच्च शिक्षा के लिए कनाडा गए थे। वहां वे नॉर्दर्न लाइट्स कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट पोस्ट-डिग्री डिप्लोमा प्रोग्राम की पढ़ाई कर रहे थे। इस वारदात की सूचना कनाडा में रहने वाले उनके एक मित्र ने देर रात फोन पर गुरकीरत के भाई प्रबकीरत सिंह मनोचा, निवासी रायपुर, को दी।
परिवार में शोक की लहर, मुख्यमंत्री ने जताई संवेदना
मृतक के पिता श्री गुरजीत सिंह मनोचा उज्जैन में देवास रोड स्थित C-86 पार्श्वनाथ सिटी में निवास करते हैं। पिता द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और सभी गहरे दुख में हैं। परिवार ने इस हृदयविदारक घटना की जानकारी मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी दी है, जिस पर मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।
वर्तमान में कनाडा पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारण और अन्य विस्तृत जानकारी स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *