उज्जैन।(स्वदेश mp न्यूज़… राजेश सिंह भदौरिया बंटी) माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंकित शर्मा चतुर्वेदी ने प्रतियोगिता के अंतिम चरण में अपना स्थान पक्का कर लिया है। अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर उन्होंने देशभर के 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों के बीच यह गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अब अंकित को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद करने का अवसर मिलेगा।
केंद्रीय बजट 2026 के प्रति आम नागरिकों और विशेषकर युवाओं की समझ बढ़ाने के उद्देश्य से यह बहु-स्तरीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। युवाओं को नीति-निर्माण प्रक्रिया से जोड़ने वाली इस प्रतियोगिता में ऑनलाइन क्विज़ और निबंध लेखन जैसे चरणों के माध्यम से प्रतिभागियों की बौद्धिक क्षमता का मूल्यांकन किया गया। इन सभी चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अंकित ने यह बड़ी सफलता प्राप्त की है।
भोपाल में होगा राष्ट्रीय स्तर का आयोजन
अंतिम चरण का यह भव्य कार्यक्रम 12 और 13 अप्रैल 2026 को भोपाल के एलएनसीटी कॉलेज स्थित आर्यभट्ट सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में देश भर से चुने गए प्रतिभाशाली युवा एक साथ विचार-विमर्श कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को सशक्त करेंगे। राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचने पर अंकित के परिवार, शिक्षकों और समूचे उज्जैन क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। उनकी यह सफलता युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।
